Meerut: बीमार बेटे को अस्पताल ले गया था परिवार, 15 लाख की नकदी-जेवर ले गए चोर; बच्चों के कपड़े भी न छोड़े
कंकरखेड़ा की न्यू सैनिक कॉलोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर 13.50 लाख के जेवर और 1.60 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार बीमार बच्चे को अस्पताल ले गया था।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले, एक संदिग्ध कार कैमरे में दिखी है।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की न्यू सैनिक कॉलोनी में सोमवार रात चोरों ने विद्युत विभाग में संविदा ऑपरेटर रोहित पाल के घर व अलमारी का ताला तोड़कर 13.50 लाख रुपये कीमत के जेवरात व 1.60 लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। घटना के समय रोहित अपने 11 महीने के बेटे माधव का मोदीपुरम के अस्पताल में उपचार करा रहे थे। मंगलवार सुबह घर पर पहुंचने पर रोहित को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: बैग में शव नहीं समाया तो काटकर ड्रम में भरा सीमेंट, कोर्ट में 4 घंटे चली विवेचक की गवाही
सरधना रोड निवासी रोहित पाल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी प्रियंका, बेटी मिष्ठी व बेटे माधव के साथ न्यू सैनिक कॉलोनी रहते हैं। वह बेगमपुल स्थित बिजली घर में ऑपरेटर हैं। सोमवार शाम माधव की तबीयत खराब हो गई इस पर परिजन उसे लेकर मोदीपुरम अस्पताल चले गए थे। घर पर ताला लगा था।
माधव को अस्पताल में दिखाने के बाद रोहित परिवार के साथ पिता ओमवीर के खिर्वा रोड स्थित घर पर ही रुक गया था। मंगलवार सुबह जब रोहित घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। रोहित का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
बच्चों के कपड़े भी ले गए चोर
चोरी की घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत है। रोहित ने बताया कि चोर बेटे के छोछक में मिले कपड़े डब्बों से निकालकर ले गए। चोरों ने घर में रखे नए कपड़े भी चोरी कर लिए।