परतापुर। एनएचएआई ने मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित परतापुर तिराहे से बाईपास की ओर बुधवार को डामर से सर्विस रोड बनानी शुरू कर दी है।
लॉकडाउन के दौरान एनएचएआई की काफी लेबर अपने घरों को चली गई थी। अब उनकी काम पर वापसी होने लगी है। इससे एनएचएआई के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली। परतापुर तिराहे से फोर्ड शोरूम तक बुधवार को डामर से सर्विस रोड बनानी शुरू कर दी है। इसके अतिरिक्त भूड़बराल रेलवे लाइन से लेकर बहादरपुर तक भराव का कार्य जारी है। वहीं, टोल प्लाजा से लेकर बहादरपुर तक आरसीसी की 800 मीटर सड़क बनाने का कार्य भी जोरों पर है। उधर, एनसीआरटीसी अंतर्गत शिवालय कंस्ट्रक्शन लिमिटेड ने मोहिउद्दीनपुर में फुट ओवरब्रिज बनाना शुरू कर दिया है। मोहननगर से लेकर मोहिउद्दीनपुर तक सात फुट ओवरब्रिज बनने हैं। मोहिउद्दीनपुर पहुंचे इंजीनियरों ने ब्रिज का बेस तैयार कर किया। सिहानी से मोहिउद्दीनपुर तक 6 मीटर ऊंचे फुट ओवरब्रिज बनने हैं। जिसके निर्माण में 30 लेबर लगाई है। एनसीआरटीसी के इंजीनियरों का कहना है कि हाईस्पीड ट्रेन के लिए डिवाइडर पर पिलर बनेंगे। इस दौरान रोड ब्लॉक होंगे उससे पहले फुटओवरब्रिज बिना रुकावट बनाए जाने हैं। बताया कि सिहानी में एक, मुरादनगर में दो, मोदीनगर में तीन व मोहिउद्दीनपुर में एक फुट ओवरब्रिज बनेंगे। इस दौरान इंजीनियर व लेबर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क एवं सैनिटाइजर के साथ का इस्तेमाल कर कार्य करते नजर आए। इसके अतिरिक्त मेरठ-दिल्ली रैपिड रेल के कार्य ने भी परतापुर में रफ्तार पकड़ ली। हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर सड़कों की खुदाई और डामर की सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।