यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, जांबाज अफसर ने इनामी बदमाश को मारी गोली
यूपी के मुजफ्फरनगर में जौली-विलायतनगर मार्ग पर गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात साल पूर्व मलपुरा स्थित आश्रम में दो साधुओं की हत्या में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। इनामी अपराधी को पैर में गोली लगी। वहीं, फायरिंग में जौली चौकी पर तैनात दीवान भी घायल हुआ। इस बीच अपराधी का एक साथी फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
भोपा में थाना क्षेत्र की जौली चौकी प्रभारी एसआई गुरुवचन सिंह, एसआई जोगेंद्र पाल व एसआई रौदास सिंह के साथ बृहस्पतिवार देर रात जौली मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार उन्होंने फायरिंग कर दी। जिसमें दीवान जसपाल के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। बदमाश जौली-विलायतनगर मार्ग पर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से वहीं गिर गया। जबकि दूसरा बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के साथ ही सिपाही जसपाल को भी सीएचसी पहुंचाया। जहां से बदमाश को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान सोनू पुत्र जगना निवासी भैंसानी थाना पुरकाजी के रूप में हुई है। मौके से पिस्टल व दो कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया बदमाश सोनू गांव मलपुरा में सात साल पूर्व हुई दो साधुओं की हत्या के बाद से फरार था। जिस पर पंद्रह हजार का इनाम भी घोषित है। मुठभेड़ के बाद सीओ राममोहन शर्मा के नेतृत्व में जानसठ और ककरौली थाना पुलिस के साथ फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की गई। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
मलपुरा में दिया था हत्याकांड को अंजाम
थाना क्षेत्र के गांव मलपुरा स्थित आश्रम व धर्मार्थ औषधालय में करीब सात साल पूर्व दस से अधिक बदमाशों ने घुसकर संत धर्म प्रकाश योगी राज और स्वामी योगानंद महाराज की हत्या कर दी थी। आश्रम में मौजूद महिला समेत दो कर्मचारियों को बंधक भी बनाया गया था। वारदात में नसीब, राज, किस्मत, मुकीम, भोलू, अजय, प्रधान, करण, जाहिद, सोनू और सोनू-2 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि करण, प्रधान, सोनू व अजय तभी से फरार हैं। इनमें से सोनू पर बाद पंद्रह हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।
खानाबदोश हैं अधिकांश आरोपी
मलपुरा में सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी खानाबदोश हैं। जिन्हें तलाश करना काफी मुश्किल है। हालांकि पुलिस ने काफी मशक्कत कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन चार आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देते आ रहे थे। पकड़े गए आरोपियों द्वारा बताया गए संभल के असमौली का उनका पता भी गलत निकला था। इस मामले में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर कोर्ट ने थाना प्रभारी बीपी सिंह को तलब कर लिया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/