पराग डेयरी ने डोर टू डोर दूध सप्लाई करने के लिए लगाए टैंकर
मेरठ। महानगर में ईद पर एक लाख लीटर दूध की शीर बनेगी। पराग, मदर डेयरी एवं अमूल समेत कई अन्य दूध कंपनियों ने शहर में ईद पर दूध की आपूर्ति बढ़ा दी है। अकेले पराग दुग्ध संघ ने महानगर में 70 हजार लीटर अतिरिक्त दूध की आपूर्ति का लक्ष्य रखा है। जिससे लॉकडाउन के चलते ईद पर दूध की कमी न रहे। पराग दुग्ध संघ का दावा है कि ईद के त्योहार पर लॉकडाउन भी न टूटे और सोशल डिस्टेंसिंग भी बनी रहे। इसके लिए टैंकरों के माध्यम से डोर टू डोर दूध आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। पराग दुग्ध संघ लॉकडाउन से पहले महानगर में प्रतिदिन 50 से 60 हजार लीटर दूध की आपूर्ति करता था। आजकल यह घटकर मात्र 30 हजार लीटर रह गई है। अब पराग दुग्ध संघ को ईद पर दूध की अधिक बिक्री होने की उम्मीद है। पराग समेत मदर डेयरी और अमूल सहित कई कंपनियां करीब एक लाख लीटर दूध की आपूर्ति करेंगी। पराग दुग्ध संघ के मार्केटिंग इंचार्ज दानवीर सिंह का कहना है कि जनता को पराग का दूध स्टॉल समेत टैंकरों के माध्यम से भी मिलेगा। पराग दूध के रेट 46, 50 और 56 रुपये प्रति लीटर हैं। पराग दूध के अतिरिक्त दूध निर्मित प्रोडक्ट खीर, मावा एवं पनीर आदि की भी आपूर्ति करेगी। उधर, रविवार शाम से ही महानगर की काफी दुकानों से दूध गायब रहा। देहात से आने वाले दूधिया भी दूध की कमी का राग अलापते दिखाई दिए।