भाजपा नेता को हॉकी-डंडों से पीटा, नेता समेत आठ लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेडिकल कॉलेज में बुधवार रात डॉक्टरों ने भाजपा नेता की पिटाई कर दी। उसके बाद डॉक्टरों और भाजपाइयों में जमकर हॉकी-डंडे चले। जिसमें ईएमओ व भाजपा नेता समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया है कि डॉक्टरों ने एक मरीज को बाहर से दवाई लेने के लिये कहा था, जिस पर विवाद हुआ।
भाजपा मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज सड़क हादसे में घायल राकेश निवासी किनानगर भावनपुर को रात करीब 10 बजे मेडिकल इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ईएमओ डॉ. नितिन यादव ने मरीज का इलाज शुरू करते हुए परिवार के सदस्य को पर्चा देकर बाहर से दवाई लाने को कहा। पंकज भारद्वाज ने इसका विरोध किया। जिस पर मामला तूल पकड़ गया। भाजपा नेता और ईएमओ में बहस हो गई। आरोप है कि डॉक्टरों ने भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं से मारपीट शुरू कर दी। भाजपा नेता ने फोन करने का प्रयास किया तो डॉक्टरों ने मोबाइल छीन लिया। सूचना पर भाजपाई मेडिकल पहुंचे तो डॉक्टरों और भाजपाइयों में हॉकी डंडे चल गए। पंकज भारद्वाज की नाक में फ्रैक्चर व सिर में गंभीर चोट लगना बताया गया। पुलिस घायल पंकज को भाग्यश्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
दोनों पक्षों ने दी तहरीर
पंकज भारद्वाज ने मेडिकल में बाहर से दवाई मंगाने का विरोध करने पर डॉक्टरों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। वहीं ईएमओ डॉ. नितिन यादव ने तहरीर में आरोप लगाया कि भाजपा नेता और उसके कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गालीगलौज और मारपीट कर बर्खास्त कराने की धमकी दी। जिसके बाद डॉक्टर आ गए। कहासुनी के बाद दोनों तरफ से मारपीट हुई। उनको भी चोट आई।
थाने में उलझे दोनों पक्ष
भाजपाई और डॉक्टर मेडिकल थाने में भी एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। डॉक्टर जहां हड़ताल पर जाने की धमकी देने लगे तो भाजपाई उन्हें सबक सिखाने की बात कहने लगे। सूचना पर थाने पहुंचे एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने दोनों पक्षों को शांत करते हुए कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज होगी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी मंजिल सैनी दहल का कहना है कि डॉक्टर और भाजपा नेता में विवाद हुआ। दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। दोनों ने तहरीर दी है। मेडिकल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसकी फुटेज देखकर कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/