दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे : चोरी हो गए यूपीएस और केबल, लोगों की कटी जेब वाहन चालकों को झेलनी पड़ी दिक्कतें
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अगर आप आईएमएस गाजियाबाद जा रहे हैं तो आपको डासना तक का ही टोल देना होगा। एनएचएआई ने उसी आधार पर टोल दरें तय की है।
विस्तार
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अक्षरधाम मंदिर और इंदिरापुरम के पास टोल के उपकरण चोरी होने से अव्यवस्था फैल गई। इसका खामियाजा एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले लोगों को उठाना पड़ा। एनएचएआई ने यूपीएस और केबल चोरी होने की पुष्टि की है।
इन उपकरणों के चोरी होने के कारण मेरठ से सरायकाले खां तक टोल दरों में दिक्कत हो गईं। इसका असर लोगों की जेब पर पड़ा। वहीं, एनएचएआई के हेल्पलाइन नंबर 1033 पर भी लगातार शिकायत दर्ज कराने के लिए फोन मिलाते रहे लेकिन कोई हल नहीं निकला। एनएचएआई ने अगले चार दिनों में व्यवस्था ठीक होने का दावा किया है।
पिछले दो दिन में आईएमएस गाजियाबाद, डूंडाहेड़ा से मेरठ की ओर आने वाले वाहनों से सरायकाले खां तक का 155 रुपये टोल काटा गया। इस पर लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: गोरखनाथ मंदिर मामले में बड़ा खुलासा: देवबंद से जुड़ रहे मुर्तजा के तार, एटीएस ने साथी आरोपी को दबोचा, पूछताछ जारी
वाहन चालकों ने टोल प्लाजा पर भी जाकर शिकायत के निस्तारण की गुहार लगाई लेकिन टोल कंपनी ने कुछ भी मदद करने से इंकार कर दिया। टोल कंपनी ने भी हेल्पलाइन नंबर कॉल करने के लिए कहा। हालांकि, जिन लोगों का टोल अतिरिक्त लगा उनकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर पर भी दर्ज नहीं हो सकी है।
आईएमएस गाजियाबाद उतरेंगे तो कटेगा डासना का टोल
अगर आप आईएमएस गाजियाबाद जा रहे हैं तो आपको डासना तक का ही टोल देना होगा। एनएचएआई ने उसी आधार पर टोल दरें तय की हैं। यहां तक मेरठ से जाने में एक तरफ का 70 रुपये देना होगा। वहीं, 24 घंटे के अंदर वापस आने पर 105 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, इससे आगे डूंडाहेड़ा, इंदिरापुरम तक का टोल लगाया जाएगा।
तीन जगह का नेटवर्क फेल
ऑप्टिकल फाइबर केबल कट हो जाने से तीन स्थानों पर नेटवर्क फेल हो गया है। सभी कैमरों ने वाहनों की स्थिति रिकॉर्ड की है। सभी का टोल उतना ही लिया जाएगा, जितना लोगों ने सफर किया है। टीम लगाईं गईं है। अगले चार दिनों में एक्सप्रेसवे पर सब ठीक हो जाएगा - अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई