बेटी की बहादुरी की आज घर-घर में हो रही चर्चा, बदमााश CCTV में कैद
नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म में बुधवार दोपहर बेटी की बहादुरी से डकैती की वारदात टल गई। बदमाशों ने घर में घुसते ही एक महिला को गन प्वाइंट पर ले लिया था, लेकिन छत पर खड़ी लड़की ने शोर मचा दिया। इससे आसपास के लोग एकत्र हो गए। अपने को घिरता देख बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एक बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
जैदी फार्म के मंजूर नगर कॉलोनी में कपड़ा व्यापारी हाजी इदरीश पुत्र हाजी इशाक अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी घंटाघर स्थित पालिका बाजार में हाजी क्लाथ हाउस नाम से दुकान है। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे व्यापारी दुकान चले गए। उनकी पत्नी नूरजहां, बड़ी बेटी यासमीन और छोटी बेटी घर पर मौजूद थीं। दोपहर करीब 11.30 बजे चार बदमाश व्यापारी के घर में घुस गए। एक मुख्य गेट पर खड़ा हो गया। चारों बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी की कनपटी पर तमंचा तान दिया और कमरे में चलने के लिए कहा। दूसरी मंजिल पर मौजूद यासमीन जाल में से यह सब देख रही थी। वह दौड़कर छत पर गई और शोर मचा दिया। जैसे ही आसपास के लोग पहुंचे तो बाहर खड़ा युवक तमंचे से फायर करते हुए भाग निकला। चारों बदमाश भी घर से निकल गए। लोगों ने एक बदमाश की शर्ट पकड़कर जैसे ही गिरने की कोशिश की तो अन्य बदमाशों ने तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। इससे लोग सहम गये। सभी बदमाश फरार हो गए। कंट्रोम रूम पर सूचना मिलते ही यूपी 100 की गाड़ी और एसएसआई नौचंदी मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। व्यापारी ने नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली
लोगों ने बताया कि चार बदमाश नौचंदी थाने की रास्ते की तरफ फरार हुए हैं, एक जैदी फार्म के रास्ते से भागा। व्यापारी सरताज के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कै मरे में वह कैद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी तलाशी।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की जांच के लिए नौचंदी पुलिस को लगाया गया है। सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।