छात्रा की हालत गंभीर, पीड़िता से मिलने दिल्ली पहुंचे विधायक संगीत सोम, तीन आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा विधायक संगीत सोम के क्षेत्र में छात्रा को जलाने का मामला तूल पकड़ता रहा है। जहां गंभीर हालत में छात्रा को मेरठ से दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। तो वहीं पुलिस ने मंगलवार को तीसरे आरोपी दीपक पुत्र जगमोहन को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दीपक मुख्य आरोपी रोहित का दोस्त है। जबकि दीपक अभी तक फरार चल रहा है।
वहीं मंगलवार को कई स्कूलों की छात्राओं ने थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा सांसद डॉ. संजीव बालियान भी सोमवार को पीड़ित छात्रा से जिला अस्पताल में मिले थे। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया था कि वह हर संभव उनकी मदद करेंगे।
सरधना नगर में बीती 17 अगस्त को छेड़छाड़ के विरोध में घर में घुसकर छात्रा पर केरोसिन उड़ेलकर जला दिया था। जहां एक तरफ सर्व समाज के लोग छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाने और व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी पुलिस-प्रशासन को दे रहे हैं। वहीं, इस मामले में विभिन्न दलों से जुडे़ लोगों ने राजनीतिक गोटियां बैठानी शुरू कर दी हैं। तहसील मुख्यालय पर वक्ताओं ने भले ही धरना स्थल से राजनीतिक बात नहीं करने की अपील की। वहीं, विभिन्न पार्टियों से जुडे़ वक्ता रहे। उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहां इस मामले में सोमवार को तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन हुआ।
वहीं, इस मामले में अतुल प्रधान ने सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष के प्रतिष्ठान पर प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक पर निशाना साधा। इस मामले से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी अवगत कराया। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को पार्टी स्तर से भी आर्थिक मदद कराने का आश्वासन दिया। वहीं, इस मामले में सोमवार को भाजपा सांसद डॉ. संजीव बालियान भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। जबकि रविवार को विधायक संगीत सोम ने भी पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की। अस्पताल का जो खर्च था उसमें भी परिवार की मदद कराई। वहीं, छात्रा को सोमवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कराया।
सूबे में जंगल राज चरम पर
दौराला रोड स्थित सपा विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष सैय्यद मुमताज अली के प्रतिष्ठान पर सोमवार शाम सपा नेता अतुल प्रधान ने छेड़छाड़ के विरोध में छात्रा को जिंदा जलाने के मामले में प्रेसवार्ता की। उन्होंने गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को न्याय दिलाने की शासन-प्रशासन से मांग की। वहीं, आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई करने एवं पीड़ित परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की। वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बातचीत करने और उनके द्वारा दिए निर्देश की जानकारी दी। बताया कि पार्टी संगठन पीड़ित परिवार की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि सूबे में जंगलराज है। छात्रा के केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिये। उन्होंने भाजपा विधायक, सांसद व अन्य भाजपाइयों पर भी निशाना साधा। यहां सैय्यद मुमताज अली, पूर्व चैयरमेन निजाम अंसारी, शाहवेज, अतीक अहमद, अनिल सिरोही, चीनू खेडृा, सोमबीर दौलतपुर, शहंशाह जफर, मंजूर मलिक, ललित गुर्जर आदि शामिल रहे।
पीड़ित को न्याय दिलाने में कसर नहीं छोडे़ंगे
मैं ही नहीं पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ है। सभी की संवेदना अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही छात्रा के साथ है। जिस समय घटना की सूचना मिली तभी से पार्टी कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। मैं भी खुद उनके संपर्क में हूं। रविवार को छात्रा को अस्पताल देखने गए थे। वहां कुछ आर्थिक मदद की और अस्पताल में उपचार के दौरान हुए खर्च का बिल कम कराया। हालत गंभीर होने पर सोमवार को छात्रा को दिल्ली रेफर कराया। जिन लोगों को इस मामले में राजनीति करनी है वे करें। वह पीड़ित को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोडे़ंगे। साथ ही निर्दोषों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। छात्रा के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। -संगीत सोम, विधायक सरधना
भाजपा विधायक पर बरसे
जिला पंचायत सदस्य पति एवं सपा नेता ठा विनोद कालंदी ने मंच से माइक संभाला और भाजपा विधायक और कार्यकर्ताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस प्रकरण में भाजपा विधायक संगीत सोम व अन्य पार्टी के नेताओं के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
मदद के लिए आगे आएं लोग
इस मामले में पुलिस-प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, किसी भी पार्टी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। पीड़ित परिवार की मदद के लिए लोगों को आगे आएं।-अजय सोम, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपूत उत्थान सभा
कुशवाहा चौबीसी पीड़ित परिवार के साथ है। पीड़ित परिवार को तीस लाख रुपये की आर्थिक मदद तत्काल दी जाए। वहीं, दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाए। पीड़ित को न्याय दिलाने में कुशवाह चौबीसी पीछे नहीं हटेगी। -नरेश कुशवाह, अध्यक्ष कुशवाहा चौबीसी
छात्रा की हालत गंभीर हैं। आरोपियों पर ठोस कार्रवाई की जा रही हैं। पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी लगे हैं। इस मामले में पुलिस ने कोई लापरवाही नहीं की। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। -राजेश कुमार पांडेय, एसएसपी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/