ट्रेन में CRPF जवान सहित दो को लूटा, बदमाशों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
बागपत में दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह ने सीआरपीएफ के जवान समेत दो यात्रियों को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने दोनों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर हजारों की नगदी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने दोनों यात्रियों को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बागपत निवासी सीआरपीएफ के जवान रविंद्र कुमार छुट्टी लेकर जम्मू से घर आ रहा था। बृहस्पतिवार रात 3:20 बजे सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में बागपत के लिए सवार हुआ। इस ट्रेन में हरिद्वार के रोशनाबाद निवासी राजेश सिंह पहले से ही बैठा था। उसे कांधला रेलवे स्टेशन पर उतरना था। जवान रविंद्र ने बताया कि ट्रेन में उनकी सीट पर चार-पांच लोग बैठे थे। उन्होंने कहा कि चाय पीनी है। इस पर दोनों ने 10-10 रुपये देकर चाय पीने के लिए ली। रविंद्र ने दो घूंट चाय पीने के बाद फेंक दी जबकि राजेश सारी चाय पी गया।
चाय पीते ही दोनों बेहोश हो गए। शुक्रवार सुबह सात बजे ट्रेन बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों ने आरपीएफ पुलिस को सूचना दी कि ट्रेन में दो यात्री बेहोशी की हालत में पड़े हैं। आरपीएफ पुलिस ने दोनों को बेहोशी ही हालत में ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी सूचना जीआरपी थाना बड़ौत पर दी। होश में आने पर जवान रविंद्र कुमार ने बताया कि बदमाश उसके बैग से बंदूक का लाइसेंस, 12 बोर के दस कारतूस, एटीएम, आधार कार्ड, मोबाइल, तीन हजार रुपये की नगदी ले गए जबकि राजेश को अभी होश नहीं आया है। राजेश के भाई संजीव कुमार के साले कांधला निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि राजेश नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है। बृहस्पतिवार को वह कांधला के लिए घर से चला था। वह 15 हजार रुपये घर से लेकर आया था। उसके पास पांच हजार रुपये मिले हैं। 10 हजार रुपये बदमाश लूट ले गए। इस संबंध में रविंद्र ने जीआरपी थाना बड़ौत में तहरीर दी है।
पढ़ें : मेरठ के गैंगस्टर को पकड़ने गई पुलिस को गांव वालों ने घेरा, जमकर हुई हाथापाई
एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
आरपीएफ के जवानों द्वारा सूचना देने के एक घंटे बाद एंबुलेंस बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसे लेकर यात्रियों में रोष था। यात्रियों का कहना है कि एंबुलेंस चालकों की लापरवाही से किसी की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है।
यात्री खुद फंस जाते है गिरोह के जाल में
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह द्वारा यात्रियों से लूटपाट की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार गिरोह के सदस्य ट्रेन में यात्रियों को अपना निशाना बना चुके है। रेलवे विभाग द्वारा कई बार अभियान चला कर ट्रेन में अज्ञात लोगों से खाने की वस्तु न लेने के लिए जागरूक भी किया गया। लेकिन यात्रियों की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/