अनंतनाग में सीआरपीएफ दल पर हमले में शामली का लाल शहीद, आज घर पहुंचेगा पार्थिव शरीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकी हमले में यूपी के शामली के लाल समेत सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद हो गए, जबकि तीन गंभीर घायल हैं। आतंकियों ने सीआरपीएफ की पिकेट पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने के बाद ग्रेनेड से हमला किया। मौके पर पहुंचे अनंतनाग के सदर पुलिस थाने के एसएचओ भी ग्रेनेड की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला को भी गोली लगी है। जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी आतंकी भी मारा गया।
यह हमला दोपहर बाद दक्षिणी कश्मीर के सबसे व्यस्त सड़कों में से एक खन्नाबल-पहलगाम रोड पर अंजाम दिया गया। सीआरपीएफ की 116 बटालियन की ब्रावो कंपनी व राज्य पुलिस की टीम अनंतनाग बस स्टेशन से महज एक किमी दूर महिला कॉलेज के पास केपी रोड पर पिकेट ड्यूटी के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान दो आतंकियों ने जवानों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की।
एक जवान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर एसएचओ अरशद खान व डिवीजनल अफसर अतिरिक्त फोर्स लेकर वहां पहुंचे तो आतंकियों ने उनकी गाड़ियों पर भी ग्रेनेड दागे। गाड़ी से टकराकर फटे ग्रेनेड से एसएचओ अरशद खान घायल हो गए। डिवीजनल अफसर की गाड़ी को निशाना बनाकर दागा गया ग्रेनेड नहीं फटा।
बताते हैं कि आतंकी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे थे। एक आतंकी मौके से भाग निकला। हमले में घायल जवानों व एसएचओ को तत्काल सेना के श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां 5 ने दम तोड़ दिया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। समाचार लिखे जाने तक इलाके में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।