यूपी में बदमाशों का खौफ, पेट्रोल पंप से दिनदहाड़े लूटे 29 हजार, आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर नकाबपोश बदमाशों ने तेल खरीदने के बहाने दिनदहाड़े सेल्समैन और ऑपरेटर को गनप्वाइंट पर लेकर करीब 29 हजार 500 रुपए की नगदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
मंगलवार की दोपहर बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाश करीब 1 बजे नवीन मंडी स्थल के समीप रिलायंस पेट्रोल पंप पर तेल खरीदने के बहाने पहुंचे और बाइक से उतरकर सीधे आफिस में चले गए। वहां मौजूद कर्मचारियों को जरा भी आभास नहीं हुआ कि वह यहां लूट करने के इरादे से आए हैं। भीतर घुसते ही बदमाशों ने सेल्समैन अमित कुमार और ऑपरेटर को गनप्वाइंट पर ले लिया। एक बदमाश सेल्समैन की तरफ तमंचा लेकर खड़ा हो गया, जबकि दो बदमाशों ने ऑफिस में रखी करीब 29 हजार 500 रुपए की नगदी लूट ली। जिसके बाद बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
बताया गया है कि बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मुजफ्फरनगर की तरफ फरार हुए। उनके फरार होने के बाद सेल्समैन ने शोर मचाया तो बाहर काम कर रहे कर्मचारियों को घटना के बारे में जानकारी हुई। जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ राजेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद एसपी देहात डा. विद्या सागर मिश्र भी वहां पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने पंप कर्मचारियों से घटना की बाबत पूछताछ करते हुए सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया और बदमाशों की तलाश में सभी पुलिस चेक पोस्टों पर वाहनों की चेकिंग शुरु करा दी। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। एसपी देहात ने बताया कि वारदात को खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई है। खुलासे के लिए टीमों को काम पर लगा दिया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
24 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग के बावजूद फरार कैसे हुए बदमाश
पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद नकाबपोश बदमाश पुलिस की पेट्रोलिंग को तोडक़र आराम से फरार हो गए। जबकि पुलिस उनकी तलाश में खाक छानती रही।
सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर हर समय डायल-100 व पेट्रोलिंग पुलिस की गाड़ी तैनात रहती है। लेकिन उसके बावजूद भी पेट्रोल पंप पर लूट करने के बाद बदमाश पुलिस की तमाम घेराबंदी को तोड़कर आराम से फरार हो गए। जिससे पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाना लाजिमी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/