यूपी: आईटीआई के छात्र का शव मिलने से सनसनी, मर्डर की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर में 19 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डाग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम की जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कुछ महिलाएं कोतवाली से कुछ दूरी पर स्थित यूको बैंक के सामने एक बाग में पहुंची तो उन्होंने बाग में एक आम के पेड़ के नीचे एक युवक को पड़ा देखा। युवक के पास ही एक बैग भी पड़ा हुआ था। उन्होंने पास जाकर देखा तो युवक के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। महिलाओं ने पास की कॉलोनी में पहुंचकर शोर मचा दिया। वहां मौजूद एक युवक ने तुरंत ही सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास पड़े बैग में से मिले आधार कार्ड के आधार पर छात्र की शनाख्त अर्पित पुत्र सुनील कुमार रोहिला निवासी गांव अघ्याना, थाना नकुड़ के रूप में की। अर्पित आईटीआई प्रथम वर्ष का छात्र था और गुरुवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था और उसी वक्त से लापता था। सीओ यतेंद्र नागर व कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
सीओ ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट आदि के निशान नहीं मिले हैं और न ही शव के पास कोई जहरीला पदार्थ मिला है। पुलिस ने मौके पर डाग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह कोतवाली में अर्पित की गुमशुदगी की सूचना देने ही जाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही उनके पास अर्पित का शव बाग में मिलने की सूचना आ गई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि युवक की मौत कैसे हुई है। पुलिस हत्या या आत्महत्या के हर एंगल पर जांच कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/