यूपी: पुलिस को चकमा देकर अभिरक्षा से भागा आरोपी, कोर्ट से भेजा जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में चेकिंग के दौरान आर्म्स एक्ट में धरा गया एक युवक मेडिकल कराए जाने के दौरान जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में हथकड़ी से हाथ निकालकर भाग निकला। उसे ले जाने वाले दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को भागते हुए देखते रह गए, जबकि इमरजेंसी कक्ष में इंटर्नशिप कर रहे युवक ने दौड़कर आरोपी को मोहल्ला लद्दावाला में दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान सरवट निवासी शुएब को तमंचे समेत आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। दोपहर के समय नई मंडी थाने के सिपाही सुमित व कुलदीप शर्मा आरोपी को कोर्ट में पेश करने से पहले उसे मेडिकल कराने के लिए स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिकल कराने के दौरान युवक ने अपना हाथ हथकड़ी से निकाल लिया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। भागते हुए आरोपी को पुलिसकर्मी देखते ही रह गए, लेकिन उसी समय इमरजेंसी में इंटर्नशिप कर रहे बाबर नामक युवक ने आरोपी का पीछा करते हुए लद्दावाला में केनरा बैंक के पास उसे दबोचा लिया। पीछे से दोनों पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को कड़ी निगरानी में जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराते हुए उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मीडियाकर्मियों से की बदसलूकी
जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के दौरान आरोपी के कस्टडी से भागने से क्षुब्ध पुलिसकर्मी कुलदीप व सुमित ने मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिसकर्मियों ने मीडियाकर्मियों को आरोपी के फोटो खींचने से भी रोका और बदसलूकी की। विरोध किए जाने पर पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर आनन-फानन में वहां से रवाना हो गए।
इन्होंने कहा...
नई मंडी इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि शुएब को आर्म्स एक्ट में पकड़ा गया था, जिसका मेडिकल कराने के दौरान उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/