यूपी: अवैध संबंधों के शक में किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
मेरठ में भावनपुर क्षेत्र के स्याल गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसपी देहात ने वारदात का कारण रंजिश और अवैध संबंधों का शक बताया है। एक नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी देहात राजेश कुमार के अनुसार स्याल भावनपुर निवासी बबलू (40) पुत्र भंवर सिंह खेती के साथ शादी समारोह में घोड़ी नचाने का काम करता था। शनिवार रात बबलू अपने गांव के ही साथी कमल सिंह व जितेंद्र के साथ मुजफ्फरनगर के एक फार्म हाउस घोड़ी लेकर गया हुआ था। आधी रात करीब 2:30 बजे गांव से करीब 100 मीटर पहले स्याल-छोइयां मार्ग पर तीन हमलावरों ने बबलू की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वारदात की सूचना पुलिस को दी। एसपी देहात के अनुसार तहरीर के आधार पर परिवार के ही सुंदर व पप्पू और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
किसान बबलू की हत्या के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। बबलू की बहन व भाई दिल्ली में रहकर कोचिंग कर रहे हैं। वारदात की सूचना पर वे रविवार को गांव पहुंच गए।
पढ़ें : यूपी: थाने से चंद कदम की दूरी पर व्यापारी की गोली मारकर हत्या, एक बदमाश ढेर
अवैध संबंधों का शक होना बताया
एसपी देहात ने बताया कि बबलू के पिता भंवर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी सुंदर व उसका भाई पप्पू करीब तीन साल से बबलू को परेशान कर रहे थे। आरोपी सुंदर को शक था कि बबलू के एक महिला से अवैध संबंध थे। इसी के चलते तीन साल पहले सुंदर की पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। तभी से सुंदर व उसके परिजन बबलू को धमकी दे रहे थे। आरोप है कि इसी के चलते सुंदर ने पप्पू व एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। वहीं, आरोपी सुंदर ने बताया कि उसे साजिशन फंसाया गया है। पुलिस घर से उसे उठाकर लायी थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/