कानपुर: चाची की गर्दन पर चाकू से किया वार, फिर भतीजे ने जंगल में फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: सचेंडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान भतीजे ने छत पर कहासुनी के बाद अपनी चाची की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया और भागकर जंगल में फंदा लगाकर जान दे दी।
विस्तार
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चाची की गर्दन पर चाकू से वार करने के बाद भतीजे ने जंगल में फंदा लगाकर जान दे दी। बुधवार देर रात हुई घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों के मुताबिक, युवक और उसकी चाची के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के छत पर मिलने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसके बाद युवक ने चाची पर चाकू से हमला कर दिया। साढ़ के बेहटा बुजुर्ग गांव निवासी त्रेहन उर्फ शिवम (22) सचेंडी में रहने वाले अपने फूफा की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। 26 नवंबर की रात शादी समारोह में जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान परिजनों ने उसे 32 वर्षीय चाची के साथ घर की छत पर पकड़ लिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दोनों के बीच विवाद होने पर शिवम ने चाची की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। शोर सुनकर लोग छत पर पहुंचे, तो वह भाग निकला। परिजन घायल महिला को अस्पताल ले गए और शिवम की तलाश शुरू की। इस बीच उसने जंगल में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई।
