सिपाही मर्डर खुलासा: मुखबिर ने रची थी खतरनाक साजिश, CBI जांच की मांग पर अड़े परिजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिपाही अंकुर चौधरी की हत्या का खुलासा कर पुलिस ने हत्यारोपी पुलिस के मुखबिर आमिर निवासी फलावदा को गिरफ्तार दिखा दिया। लेकिन मेरठ पुलिस के इस खुलासे को सिपाही के परिजनों ने नकारते हुए सीबीआई जांच की मांग उठा दी है। लोगों ने जाम लगाकर हंगामा भी किया। अंकुर की तेरहवीं पर भाजपा, कांग्रेस, सपा के नेता और स्थानीय लोगों ने गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। मामला यूपी के शामली जनपद का है।
एसपी देहात राजेश कुमार, एएसपी कैंट सतपाल सिंह और एएसपी कुलदीप सिंह ने सिपाही अंकुर चौधरी निवासी मंगलौरा गांव शामली की हत्या का खुलासा किया। एसपी देहात ने बताया कि बीते शुक्रवार सुबह सिपाही का शव फलावदा के जंगल में मिला था। पुलिस ने सिपाही के ही मुखबिर आमिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आमिर ने बताया कि तीन जनवरी को उसके द्वारा दी गई सूचना फर्जी मिली। जिस पर अंकुर ने गाली गलौज की और उसे दूर एक गांव में छोड़कर आ गया था। तभी उसने सिपाही की हत्या की प्लानिंग बना ली थी। घटना वाले दिन हथियारों की खेप बरामद की सूचना देकर वह अंकुर को जंगल में ले गया। जहां पर उसने सिपाही की हत्या की। प्रेसवार्ता के बाद पुलिस ने हत्यारोपी आमिर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आमिर अकेला नहीं मार सकता
पीड़ित परिवार का कहना है कि सिपाही की हत्या में अकेला आमिर नहीं, बल्कि उसके साथी या परिवार के लोग शामिल हो सकते हैं। तीन जनवरी से वह हत्या की प्लानिंग बनाए था। कोई न कोई दूसरा व्यक्ति है, जोकि हत्या में शामिल था। सिपाही को अकेला आमिर कैसे मार सकता, यह सवाल लोगों के जेहन में भी उठ रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक महिला को भी पुलिस ने उठाया था, जिसे छोड़ दिया गया।
अंकुर की तेरहवीं पर उमड़े लोग
बुधवार को सिपाही अंकुर की रस्म तेरहवीं पर भाजपा नेता मृगांका सिंह, कांग्रेस नेता हरेंद्र मलिक, सपा नेता सुधीर मलिक के अलावा सभी दलों के नेताओं ने वहां पहुंचकर शोक जताया। पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर हत्याकांड के खुलासे की मांग की। लोगों ने सिपाही की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की बात कही।
करनाल हाईवे पर जाम लगाया
मेरठ पुलिस द्वारा अंकुर हत्याकांड के खुलासे का पता लगने पर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीणों ने करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ओपी चौधरी और चौकी प्रभारी अनिल पंवार ने लोगों को समझाया कि अगर कोई समस्या या शिकायत है तो उच्च अधिकारियों के पास जाना चाहिए। मेरठ पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। इसके बाद जाम खोला गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/