चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स, बेखौफ बदमाशों ने दिया तीन वारदातों को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव के चलते 20 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे हैं। तमाम पुलिस फोर्स सड़कों पर उतरी हुई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दिनभर थानेदार अपने-अपने इलाके में फ्लैग मार्च कर रहे है। ऐसे माहौल में भी अधिकारियों की चौखट पर लूटपाट हो रही है। बुधवार को एसएसपी आवास और एसपी सिटी ऑफिस के सामने तीन लोगों से बदमाशों ने लूटपाट कर ली और आसानी से फरार भी हो गए। पुलिस कागजी बाजार, सर्राफा बाजार में लूटपाट और ब्रह्मपुरी में डकैती के दौरान गुटखा व्यापारी के युवा पुत्र की हत्या के बाद भी गंभीर नहीं हुई है। बेखौफ बदमाश जहां चाहते वहीं पर लूटपाट करके आसानी से भाग जाते।
दंपति से नकदी और जेवरात छीने
बुधवार दोपहर 3:45 बजे परीक्षितगढ़ निवासी संजय त्यागी और उनकी पत्नी संध्या त्यागी अपनी बेटी प्राची संग मेरठ कॉलेज से लौट रहे थे। प्राची मेरठ कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। एसएसपी आवास के पास बदमाशों ने दंपति और उनकी बेटी की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने कनपटी पर पिस्टल लगाकर परिवार से नकदी और जेवरात लूट लिए। उनके पास घर जाने के लिए बस का किराया भी नहीं बचा। बदमाश उनका बैग लेकर भाग गए। सूचना पर यूपी-100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। सिविल लाइन थाना पुलिस सूचना के एक घंटे बाद पहुंची। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश है। सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
पुलिस बताकर 90 हजार लूटे
कन्नौज निवासी विजयसिंह का कानपुर में कपड़े का व्यापार है। विजय सिंह बुधवार दोपहर 12:30 बजे मेरठ में कपड़ा खरीदने आए थे। घंटाघर स्थित एसपी सिटी ऑफिस के सामने तीन युवकों ने उनको रोका और चेकिंग की बात कहकर उनका बैग खंगालने लगे। बदमाशों ने बैग से 90 हजार नकद निकाल लिए। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी की कनपटी पर पिस्टल तान दी। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी ने एसपी सिटी ऑफिस में जाकर इसकी जानकारी दी। सूचना पर यूपी-100 की गाड़ी भी पहुंची और देहली गेट पुलिस को सूचना दी। आधे घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारी ने बताया कि बदमाशों ने खुद को पुलिस बताकर बैग में बम होना बताया था।
छात्रा से पर्स ले भागे बदमाश
नौचंदी क्षेत्र के फूलबाग कॉलोनी निवासी सुधा शर्मा आरजी कॉलेज की छात्रा है। बुधवार शाम पांच बजे वह मोहनपुरी में ट्यूशन पढ़कर रिक्शे से लौट रही थी। सीओ सिविल लाइन ऑफिस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्रा से पर्स छीन लिया। पर्स में पांच हजार रुपये व एटीएम कार्ड था। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इससे पहले पुलिस मौके पर पहुंचती कि छात्रा वहां से चली गई। लोगों ने बताया कि छात्रा बहुत डर हुई थी और वह रिक्शा से गिरने से भी बाल बाल बची।