मुठभेड़ में फंस गई मेरठ पुलिस, सीएम तक पहुंचा मामला, अफसरों ने इंस्पेक्टर को किया तलब
मेरठ के कंकरखेड़ा में 17 अक्तूबर को हुए शेमान खान मुठभेड़ कांड में कंकरखेड़ा पुलिस की गर्दन फंसने लगी है। परिजनों ने पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलकर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाकर लखनऊ शिकायत की है। जिस केटीएम बाइक को पुलिस ने लूटी हुई बताया, दावा है कि वह शेमान ने बहन की शादी में देने के लिए खरीदी थी। शेमान को तीन गोलियां लगी थीं, जिनमें से एक ने उसे लाचार बना दिया है।
मामला लखनऊ तक गूंजने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा को तलब कर लिया। टेहरकी सरधना निवासी शेमान खान उर्फ मीठा (20) पुत्र इसरार मोबाइल टावर पर नौकरी करता था। वह 17 अक्तूबर को चचेरे भाई शादाब के साथ बहन की शादी के कार्ड बांटने निकला था। कंकरखेड़ा पुलिस ने उसे अपने क्षेत्र से नई केटीएम बाइक के साथ पकड़ा था।
यह भी पढ़ें: कुख्यात बद्दो की फरारी मामले में व्यापारी नेता गिरफ्तार, पुलिस ने किया था 25 हजार का इनाम घोषित
वहीं कंकरखेड़ा पुलिस ने मुठभेड़ का दावा किया था। इसके बाद घायल शेमान को एम्स दिल्ली रेफर कर दिया गया था। शेमान के परिजनों ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी गांव में रंजिश चल रही है। पुलिस ने रंजिशन शेमान को उठाया और उसके पेट के पास तीन गोलियां मारीं। इनमें एक गोली उसकी रीढ़ की हड्डी में धंस गई।
यह भी पढ़ें: मुठभेड़: यूपी में बदमाशों की शामत, सरगना समेत तीन को लगी गोली, देखें ताजा तस्वीरें
बताया गया कि एम्स से छुट्टी मिलने के बाद से शेमान घर पर है। लेकिन चारपाई पर करवट भी नहीं ले सकता। जिंदगी भर शायद उसे बैठना भी नसीब न हो। एक मुठभेड़ में शामिल एक हेड कांस्टेबल को भूमिका संदिग्ध होने के चलते साइबर सेल ट्रांसफर कर दिया गया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/