मुठभेड़: पुलिस की वर्दी में डकैती डालने वाले तीन बदमाश दबोचे, 50 हजार के इनामी को मारी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली में थानाभवन पुलिस ने मुठभेड़ में पुलिस की वर्दी में डकैती डालने वाले अंतरराज्यीय गैंग के तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 50 हजार का इनामी गैंग लीडर कुर्बान पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि बदमाशों की तरफ से फायरिंग में एक सिपाही की बाजू में गोली लगी है। बदमाशों के कब्जे से 9एमएम का पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।
मंगलवार को एसपी अजय कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि सोमवार की रात थानाभवन थाना प्रभारी संदीप बालियान और दरोगा भूपेंद्र कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ जलालाबाद पुलिस चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सहारनपुर की तरफ से बाइक पर आ रहे तीन लोगों को रुकने का इशारा किया तो वे पुलिस टीम पर फायर कर ऊन रोड की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो भनेड़ाउद्दा नहर पर बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इस पर तीनों बदमाश बाइक को छोड़कर ईख के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली बाजू में लगने से सिपाही नरेश कुमार घायल हो गया। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि अन्य दो बदमाशों ने अपने को घिरता देख सरेंडर कर दिया।
एसपी के मुताबिक घायल बदमाश का नाम कुर्बान निवासी गांव हिंड, थानाभवन है, जो गैंग का लीडर भी है। अन्य दो बदमाशों के नाम जब्बार निवासी नंगला भनवाड़ा थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर और बिजेंद्र निवासी गांव सिलावर थाना आदर्श मंडी शामली है। बदमाशों के कब्जे से एक 9एमएम की पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घायल बदमाश और सिपाही का अस्पताल में उपचार कराया गया। एसपी ने बताया कि कुर्बान थानाभवन थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उस पर बरेली जिला पुलिस की तरफ से 50 हजार रुपये जबकि अन्य दोनों बदमाशों पर बरेली से ही 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इन पर बरेली, करनाल, आगरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, आगरा, हापुड़ आदि जिलों में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास और जानलेवा हमला करने के मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बरेली में व्यापारी के यहां डाली थी 22 लाख की डकैती
एसपी ने बताया कि तीनों बदमाशों ने 2/3 जनवरी की रात को बरेली के प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी नितिन अग्रवाल के यहां पुलिस की वर्दी में करीब 22 लाख की डकैती डाली थी। हालांकि व्यवसायी ने करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुर्बान के आगरा में चांदी व्यापारी के यहां लूट में शामिल होने की भी जानकारी मिली है। उस व्यापारी का नाम पता मालूम किया जा रहा है। हापुड़ में भी इस गैंग द्वारा लूट की वारदात की गई थी।
गैंग में यूपी पुलिस का सिपाही और पुजारी भी शामिल
इस गैंग में यूपी पुलिस के एक सिपाही के भी शामिल होने की बात सामने आई है। एसपी ने बताया कि इस गैंग में नौ बदमाश शामिल है। इनमें कुर्बान, जब्बार और बिजेंद्र शामली में पकड़े गए है जबकि चार बदमाश अंकित, कामिल, प्रवीण और शमीम बरेली में पकड़े जा चुके है। एक अन्य अजय अभी फरार है। बदमाशों की पूछताछ में पता चला कि इस गैंग से बरेली में तैनात यूपी पुलिस का एक सिपाही भी मिला हुआ है। इसकी जानकारी बरेली पुलिस को दी गई है। बदमाशों का कहना है कि वे सिपाही का नाम नहीं जानते, बल्कि सामने आने पर उसे पहचान सकते है। बरेली पुलिस सिपाही के बारे में छानबीन कर रही है। एसपी ने बताया कि इस गैंग को को सूचीबद्ध किया जा रहा है।
ऐसे करते हैं वारदात
एसपी ने बताया कि यह गैंग पुलिस की वर्दी में घटना को अंजाम देता है। यूपी पुलिस का सिपाही आगे रहकर अपने को पुलिस बताकर घर का दरवाजा खुलवाता है। कुर्बान सिपाही बनता है और जब्बार अपने को दरोगा बताकर घर में घुसता है। जब्बार गैंग लीडर कुर्बान का रिश्ते में साला लगता है। अजय बरेली में एक मंदिर का पुजारी है, जिसने बरेली के व्यवसायी के यहां अधिक माल होने की जानकारी बदमाशों को दी थी। वह बदमाशों के लिए रेकी करता है।
बदमाशों का आपराधिक इतिहास
एसपी के मुताबिक कुर्बान ने 2001 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक अभी तक वह सात डकैती की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उस पर शामली, सहारनपुर, बरेली, आगरा, मुजफ्फरनगर और हरियाणा के करनाल में विभिन्न थानों पर लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, जानलेवा हमला, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट आदि के 33 मुकदमे दर्ज है। जब्बार और बिजेंद्र पर बरेली की डकैती के अलावा थानाभवन थाने पर मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/