यूपी में नहीं थम रहा अपराध, बेखौफ बदमाशों ने डाला डाका, समेटकर ले गए बेटी का दहेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां बेखौफ बदमाशों ने एक गार्ड के घर में डाका डाल दिया। महिला को बंधक बनाकर बदमाश, बेटी के दहेज का सामान समेटकर ले गए। यही नहीं, बल्कि महिला को जान से मारने की भी कोशिश की।
घटना मेरठ में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की है। रुड़की रोड स्थित एकतानगर में सोमवार रात बदमाशों ने सीडीए के गार्ड के घर डकैती की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाश घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर बेटी के दहेज का सारा सामान समेटकर ले गए। विरोध करने पर महिला का चार्जर के तार से गला घोंटने की कोशिश की। घटना के बाद घर पहुंचे पति और बेटे ने महिला को बंधनमुक्त कर अस्पताल में भर्ती कराया।
कॉलोनी निवासी रामानंद सीडीए मेरठ में गार्ड के पद पर तैनात हैं। रामानंद और उनका बेटा सोमवार रात लेखा नगर स्थित एक शादी समारोह में गए थे। रामानंद की पत्नी राजकली घर पर अकेली थीं। रात करीब 10:30 बजे के करीब पिता-पुत्र घर लौटे तो घर का गेट खुला हुआ था। राजकली को बंधक बनाकर बदमाशों ने एक कोने में डाल रखा था।
रामानंद ने बताया अगले महीने उनकी बेटी माया की शादी है जिसके लिए घर पर एक लाख रुपये और सोने के जेवरों के अलावा अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। बदमाश पत्नी को बंधक बनाकर सामान लूटकर ले गए। बदमाशों ने राजकली के गले में चार्जर का तार लपेट रखा था। हाथ और पैर रस्सी से बांध रखे थे, जिस कारण से उसका सांस लेना मुश्किल हो रहा था।
सूचना पर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। बताया गया कि अभी महिला भयभीत है और कुछ भी नहीं बोल रही है। बदमाशों की संख्या कितनी थी, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी है। जिस बेटी की शादी है वह नोएडा में निजी कंपनी में जॉब करती है।
...तो जा सकती थी जान
परिजनों के अनुसार बदमाशों ने महिला राजकली का तार से गला कसने के साथ ही उसके साथ मारपीट भी की थी। जिस कारण से उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी और वह बेहोशी की हालत में थी। चिकित्सकों का कहना है कि अगर थोड़ी और देर हो जाती तो महिला की जान पर भी बन सकती थी। गले को तार से बहुत ही कसकर बांध रखा था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/