बदमाशों में खाकी का डर खत्म, दिनदहाड़े पिस्टल तानकर सीमेंट व्यापारी को लूटा, हंगामा
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में सरस्वती लोक के पास शनिवार दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल तानकर सीमेंट व्यापारी से 28 हजार 500 रुपये लूट लिए। व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दे दी। वारदात के बाद बदमाश लिसाड़ी गेट के रास्ते की तरफ फरार हो गये। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रोहटा रोड स्थित गोकुल विहार निवासी निवासी शोभित गोयल पुत्र मामचंद गोयल सीमेंट के थोक व्यापारी हैं। जिनका रोहटा रोड पर ऑफिस और गोदाम है। शनिवार दोपहर वे एक्टिवा से टीपीनगर, दिल्ली रोड और ब्रह्मपुरी में पेमेंट लेकर जा रहे थे। जैसे ही शोभित सरस्वती लोक कॉलोनी से कुछ दूरी पर एक पार्क के पास पहुंचे, तो पीछे से बाइक पर आये दो बदमाशों ने साइड मारकर एक्टिवा को गिरा दिया।
देरी से पहुंची पुलिस, हंगामा
दोनों बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे। एक बदमाश ने बाइक स्टार्ट रखी, जबकि दूसरे बदमाश ने हेलमेट उतारकर व्यापारी की कनपटी पर पिस्टल तानते हुए गोली मारने की धमकी दे दी। बदमाश ने व्यापारी से 28 हजार 500 रुपये लूट लिए। शोर मचने पर आसपास के लोगों को आता देखकर बदमाश लूट को अंजाम देकर फरार हो गये। इस बीच गनीमत रही कि बदमाशों ने एक्टिवा की डिग्गी नहीं तलाशी। एक्टिवा में भी 41 हजार रुपये रखे हुए थे।
देरी से पहुंची पुलिस, हंगामा
लूट की सूचना के बीस मिनट बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पहले ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर का सीयूजी नंबर नहीं मिला। कंट्रोल रूम पर लूट की सूचना देने के काफी देर बाद यूपी 100 की गाड़ी और थाना पुलिस पहुंची। लूट के बाद पीड़ित व्यापारी ब्रह्मपुरी थाने पहुंचा और हंगामा कर दिया।