{"_id":"450d8dac4444c753f233f8ac4c7e5241","slug":"captive-escaped-from-the-court-the-police-tracks-down-the-left-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"कचहरी से बंदी फरार, ढूंढती रह गई पुलिस","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
कचहरी से बंदी फरार, ढूंढती रह गई पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Sun, 27 Sep 2015 01:16 AM IST
विज्ञापन
चर्चित बिलाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी नजाकत अली शनिवार दिनदहाड़े कचहरी से फरार हो गया। उसे पेशी पर लाए दो सिपाहियों ने फरारी के बाद किसी पुलिस अफसर को इसकी सूचना तक नहीं दी। और खुद ही लापता हो गए। शाम करीब सात बजे दोनों सिपाही कचहरी स्थित हवालात में खाली हाथ लौटे तो फरारी का पता चला। उसके बाद बंदी को तलाश करने की खानापूर्ति ही की गई।
विज्ञापन
ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र अंतर्गत बनियावाला खेत खत्ता रोड पर पुलिस के मुखबिर बिलाल की विगत 28 नवंबर 2013 को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में खत्ता रोड, ब्रह्मपुरी निवासी तांत्रिक नजाकत अली अली उर्फ पप्पू और उसके भाइयों समेत आठ लोगों को जेल भेजा गया था। जबकि दो आरोपी नदीम व तारिक अभी तक फरार चल रहे हैं। बिलाल मर्डर के अलावा नजाकत पर हत्या के तीन और करोड़ों रुपये हड़पने समेत 18 मुकदमे चल रहे हैं।
विज्ञापन
नजाकत पर बिलाल मर्डर के गवाह यासीन की हत्या कराने का भी आरोप है। यही नहीं, नजाकत इस केस के गवाहों को फर्जी गैंगरेप के केस में फंसाने का षड्यंत्र भी रच चुका है। इस केस के सभी गवाहों की गवाही हो चुकी है, जबकि केवल विवेचक की ही गवाही होना बाकी है। पुलिस की चौतरफा घेराबंदी और कानूनी शिकंजा कसने पर नजाकत ने कचहरी से फरार होने की पटकथा तैयार कर ली।
विज्ञापन
शनिवार को नजाकत को जेल से 25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे में एसीजेएम-5 की कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। दो सिपाही अनुज तोमर और कुलदीप दोपहर करीब 12:30 बजे नजाकत की पेशी कराकर सेशन हवालात लौट रहे थे। वापसी में कचहरी स्थित मस्जिद के पास नजाकत ने टायलेट जाने का बहाना बनाया। सिपाहियों ने हथकड़ी नजाकत को सौंप दी। इस दौरान नजाकत कचहरी से फरार हो गया।
फरारी के संबंध में दोनों सिपाही पुलिस अफसरों को न बताते हुए खुद ही नजाकत को तलाशने में लगे रहे। इस दौरान सिपाहियों ने अपने मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर लिए। शाम को जब बंदियों को पेशी के बाद जेल वापस जाने के लिए गिनती हुई और करीब सात बजे दोनों सिपाही खाली हाथ लौटे तो नजाकत की फरारी का पता चला। दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार करते हुए थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कराया गया है।