कोरोना से जंग: शामली में ठीक हुए 13 मरीज, मुजफ्फरनगर में 24 और बिजनौर में 135 की रिपोर्ट आई निगेटिव
शामली जनपद के लिए अच्छी खबर है। जनपद में अब तक मिले 17 कोरोना संक्रमितों में से 13 की दोनों जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई हैं। इनमें 11 तब्लीगी जमाती हैं। डीएम का दावा है कि अब जिले में कोरोना के केवल चार पॉजिटिव केस रह गए हैं। वहीं शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में 24 और बिजनौर में भी 135 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि दिल्ली निजामुद्दीन मरकज से शामली जनपद में आए 14 जमातियों में कोरोना का संक्रमण पाया गया था। इसके अलावा तीन लोग इन जमातियों के संपर्क में आने पर कोरोना संक्रमित हो गए थे।
इन सभी का झिंझाना में बने कोविड-19 अस्पताल में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान इनके नमूने लेकर जांच को भेजे गए थे। इनमें से 13 की दोनों जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई हैं। इनमें 11 तब्लीगी जमाती हैं। जिनमें आठ त्रिपुरा, दो बांग्लादेश, एक असम का निवासी हैं। इसके अलावा जमातियों के संपर्क में आए शामली शहर के मोहल्ला तैमूरशाह निवासी दो युवकों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिलाधिकारी ने बताया कि इन सभी 13 लोगों को अभी कुछ दिन और इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन में रखा जाएगा। स्वास्थ विभाग के चिकित्सक इनके स्वास्थ्य पर नजर रखेंगे और यदि इन्हें और कोई परेशानी नहीं होती तो इन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
डीएम ने दावा किया कि अब जनपद में केवल चार कोरोना पॉजिटिव केस रह गए हैं। संभावना है कि इन्हें भी जल्द ठीक कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि जनपद में 23 मार्च को मिले एक कोरोना पॉजिटिव युवक पहले ही उपचार के बाद ठीक हो कर घर जा चुका है।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में नहीं थम रही कोरोना के मरीजों की संख्या, फिर मिले 12 नए संक्रमित, अब संख्या बढ़कर हुई 139
24 जांच रिपोर्ट आई निगेटिव
मुजफ्फरनगर में कोरोना पॉजिटिव के 10 केस अचानक सामने आने के बाद लगातार दो दिनों से जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से प्रशासन ने थोड़ा राहत महसूस की है। बृहस्पतिवार को आई 106 की जांच रिपोर्ट जमातियों की थी, जो निगेटिव आई है।
सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चौपड़ा ने बताया कि शुक्रवार को 24 जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी जांच रिपोर्ट बीआईटी मीरापुर में क्वारंटीन किए गए जमातियों की है। अभी 364 जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जनपद में अभी तक कोरोना पॉजिटिव के 17 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से छह जमाती हैं और बाकी उनके संपर्क में आने वाले। सिसौली की महिला मंजू कोरोना पर विजय हासिल कर घर लौट आई हैं।
उधर, बिजनौर जनपद के लिए भी शुक्रवार को अच्छी खबर है। जिले में शुक्रवार को 135 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/