कोरोना के साइड इफेक्ट: निजी अस्पतालों में बढ़ गया ऑपरेशन खर्च, यहां देखें पूरी लिस्ट
कोरोना महामारी का अब लोगों पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। यहां निजी अस्पतालों में ऑपरेशन पर पांच से सात हजार रुपये तक का खर्च बढ़ा दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के साइड इफेक्ट बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर में सैकड़ों ऑपरेशन टालने पड़े थे, लेकिन अब निजी अस्पतालों में एक ऑपरेशन पर पांच से सात हजार रुपये का खर्च बढ़ गया है। इससे मरीज को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
मेरठ जिले में अधिकांश चिकित्सकों ने ऑपरेशन फीस तो नहीं बढ़ाई, लेकिन 20 से 25 फीसदी अन्य खर्चा बढ़ा दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि प्रत्येक ऑपरेशन में चार से पांच हजार रुपये पीपीई किट का खर्चा आता है। ऑपरेशन के बाद उपकरण, ओटी टेबिल समेत पूरे ऑपरेशन थिएटर कक्ष के सैनिटाइजेशन में 500 से 800 रुपये का खर्चा आता है। कुछ अस्पतालों में साफ-सफाई के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बढ़ाए गए हैं। इन पर 300 से 500 रुपये अतिरिक्त खर्च हो रहे हैं। ऑपरेशन से पहले बेहोशी के कई डॉक्टरों ने फीस में 500 से 1000 रुपये की बढ़ोतरी की है। साथ ही ऑपरेशन सहायकों ने भी 500 रुपये बढ़ाए हैं। हालांकि चिकित्सक गरीब और जरूरतमंद मरीज के ऑपरेशन में छूट भी दे रहे हैं।
अब ज्यादा सुरक्षा की जरूरत
ऑपरेशन में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे में सुरक्षा के उपाय, साफ-सफाई, कोरोना की जांच समेत अन्य खर्च बढ़ गए हैं। इस कारण ऑपरेशन के खर्च में बढ़ोतरी हुई है। हर अस्पताल और चिकित्सक का अपना-अपना हिसाब है, इसलिए कोई फिक्स रेट नहीं बता सकते। - डॉ. अनिल कपूर, सर्जन और अध्यक्ष आईएमए
जरूरतमंदों की मदद भी कर रहे
मैंने अपनी फीस नहीं बढ़ाई है। कोरोना के बाद कुछ अतिरिक्त खर्चे बढ़ गए हैं, जो मरीज से लिए जा रहे हैं। साथ ही जरूरतमंद लोगों की मदद भी की जा रही है। - डॉ. परवेज अहमद, सर्जन, हड्डी रोग
बढ़ गया खर्चा
पीपीई किट और ओटी सैनिटाइजेशन का खर्चा बढ़ गया है। पहले यदि 40 हजार रुपये लिए जा रहे थे तो अब 45 हजार रुपये का खर्च आ रहा है। - डॉ. मनीषा त्यागी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ
ऑपरेशन पहले अब
सिजेरियन 30-40 35-45
प्रोस्टेट 30 35
पित्त की पथरी 25-30 30-35
अपेंडिक्स 25-27 32-33
गुर्दे की पथरी 35 42
हार्निया 25-30 30-35
पाइल्स 18- 20 25-27
सामान्य प्रसव 10-12 15- 17
(नोट : खर्चा हजार रुपये में है। यह औसत खर्च है, वैसे हर अस्पताल और डॉक्टर अलग-अलग चार्ज करते हैं।)
मेडिकल-जिला अस्पताल में शुरू हुई सर्जरी, नहीं बढ़ा शुल्क
मेडिकल कॉलेज में कोरोना की दूसरी लहर के कारण बंद पड़ी पथरी, एपेंडिक्स, हार्निया, पाइल्स समेत अन्य जनरल सर्जरी शुरू हो गई हैं। ब्लैक फंगस के ऑपरेशन पहले से ही किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में सर्जरी की ओपीडी शुरू हुई है। सरकार ने कोई शुल्क नहीं बढ़ाया है। मेडिकल के सर्जन डॉ. धीरज राज ने बताया कि ऑपरेशन हो रहे हैं, कोई शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। सरकार द्वारा तय बड़े ऑपरेशन के 450 और छोटे ऑपरेशन के 150 रुपये लिए जाते हैं।