Lockdown: बिजनौर में एक और व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि, मेरठ में फुल हुए क्वारंटीन सेंटर, पश्चिमी यूपी में ऐसा है माहौल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में कोरोना का कहर कम नहीं हो रहा है वहीं संक्रमण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जिले में कोरोना के 18 नए मरीज मिले हैं। वहीं क्वारंटीन सेंटरों में संदिग्धों को रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास जगह ही नहीं बची है।
उधर, बिजनौर में कोरोना वायरस का एक और संक्रमित व्यक्ति मिला है। लाॅकडाउन को लेकर पुलिस प्रशासन भले ही सख्ती बढ़ा रहा हो लेकिन लोग न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न ही नियमों के पालन को लेकर संजीदा हो रहे हैं। आगे जानें पश्चिमी यूपी में कहां कैसा है हाल:-
मेरठ में रविवार को कोरोना के 18 नए मरीज मिले हैं। आज आए सैंपलों की जांच रिपोर्ट के अनुसार ये सभी संक्रमित पहले पाॅजिटिव पाए गए मरीजों के संपर्क में आने वाले हैं। इनमें तीन अन्य जिलों के हैं। मेरठ में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 245 हो गई है।
सीएमओ डॉक्टर राजकुमार का कहना है कि तीन नए सेंटर की व्यवस्था की गई है, जिनमें से परतापुर के घाट सेंटर में रहने की व्यवस्था है। यह कल।खाली हो जाएगा। इसमें 67 कमरे हैं। बाकी दो भी कल व्यवस्था कर दी जाएगी।
शहर के दिल्ली रोड स्थित आईडीबीआई बैंक के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें लग गईं। यहां सोशल डिस्टेंसिंग के कोई मायने नजर नहीं आ रहे हैं। गांधी आश्रम चैराहे पर पुलिकर्मी आने जाने वाले लोगों की चेकिंग कर रही है। हापुड़ अड्डा इलाहबाद बैंक पर भीड़ लगी हुई है। गोला कुआं स्टेट बैंक पर भी लंबी लाइन लगी है। बेगम पुल पर बैंक आॅफ इंडिया पर काफी भीड़ लगी हुई है। बेगम पुल क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है। लेकिन यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं।
मेरठ देहात क्षेत्र के मवाना में बैंक खुलते ही ग्राहकों की लंबी लाइनें लग गईं। ब्लाॅक माछरा में गांव में आंगनवाड़ी सहायिका ने जरुरतमंदों को राशन वितरण किया।
हस्तिनापुर लाॅकडाउन में क्षेत्र में बिना वजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों को सख्ती के साथ थाना पुलिस ने हिदायत दी और कई लोगों के चालान भी काटे गए। वहीं सरधना में बारिश के बाद मौसम साफ हुआ था सोमवार को किसान खेतों में पड़े भूसे की खेतों से घर के लिए ढुलाई में जुट गए।
सहारनपुर: प्रवासी कामगारों का आवागमन पुलिस प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती
लॉकडाउन के तीसरे चरण ने जिले को बड़ी राहत दी है। संवेदनशील जिले में एक माह के लंबे समय बाद ऐसा हुआ है जब लगातार संक्रमितों की संख्या कम हो रही है। हॉटस्पॉट एरिया की बंदिशें कम होने के कारण भी लोगों को सुकून मिला है। मगर प्रवासी कामगारों का आवागमन अब भी पुलिस प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती है।
हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों से रोज हजारों कामगार पहुंच रहे हैं। राधा स्वामी सत्संग भवन के मेजर सेंटर पर अब तक 50 हजार से अधिक कामगारों को आश्रय देकर रवानगी कराई गई है। दूसरी ओर, प्रशासन की सख्ती बढ़ाने के बावजूद लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले अब भी नहीं मान रहे हैं। शहर से देहात तक रोजाना हजारों लोगों के चालान किए जा रहे हैं। हर दिन एक करोड़ से अधिक जुर्माना लगाया जा रहा है।
जनपद में अब 41 एक्टिव केस -ग्लोकल मेडिकल से 31 मरीज होंगे डिस्चार्ज
जनपद सहारनपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा लगातार घट रहा है। बीती रात 22 के बाद 9 और कोरोना मरीजों की निगेटिव रिपोर्ट आई है। जनपद में अब कोरोना के 41 केस एक्टिव रह गए हैं।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि 191 मरीजों की संख्या पॉजिटिव अब तक पहुँची है। ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर कपिल देव ने बताया कि 9 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब 41 एक्टिव कोरोना मरीज रह गये। 31 मरीजों को ग्लोकल अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा।
बागपत में प्रवासियों की रवानगी जारी
बागपत जिले में हरियाणा से प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है। सोमवार को सुबह साढे दस बजे तक तीन सौ से अधिक प्रवासियों को पूर्वांचल के जिलों में रवाना किया गया। बिना रजिस्ट्रेशन के जिले में आ रह प्रवासियों को प्रशासन वापस लौटा रहा है।
डीएम शकुंतला गौतम का कहना है प्रवासियों को भेजने के पर्याप्त इंतजाम है, लेकिन सोनीपत प्रशासन के माध्यम से ही रजिस्ट्रेशन कराकर कामगारों को आना चाहिए, जिससे व्यवस्था बनीं रहे और रिकॉर्ड भी रहे।
शामली में रविवार देर रात आई 42 सैंपलों की रिपोर्ट में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 41 रिपोर्ट नेगेटिव हैं। शामली में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान करने में जुट गया है।
हॉटस्पॉट इलाकों पर पुलिस की निगरानी
शामली में पुलिस हॉटस्पॉट इलाकों पर कड़ी नजर रख रहा है। हॉटस्पॉट क्षेत्र पंसारीयान में 2 दिन पहले 6 लोग घर से बाहर घूमते हुए मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।
हॉटस्पॉट क्षेत्र में पुलिस ने गश्त कर लोगों से घरों में रहने और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की है। उधर, रोज की तरह सुबह 7 बजे जरूरी सामानों की दुकानें खुलीं। पुलिस ने लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन कर सामान खरीदने की अपील की।
बिजनौर में संक्रमित मरीजों की संख्या 40 हुई
जिले में रविवार को चांदपुर का एक और व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। यह व्यक्ति पुराने कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आया था। तीन दिन पहले भी चांदपुर में सात कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 40 हो गई है। हालांकि इनमें से 26 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि चांदपुर का ही एक निजी चिकित्सक कोरोना से हार चुका है। वर्तमान में जनपद में कुल 13 एक्टिव केस हैं।
लॉकडाउन का पुलिस जिले में पूरी सख्ती से पालन करा रही है। पुलिस बेवजह घर से बाहर निकलने वाले लोगों के वाहनों का चालान कर रही है। लॉकडाउन खुलने में केवल एक ही सप्ताह शेष है लेकिन लॉकडाउन का उल्लंघन करने की छूट नहीं दी जा रही है। दूसरे प्रदेशों से आने वाले मजदूरों को प्रशासन उनके गंतव्यों तक भिजवा रहा है।
मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह छूट वाली दुकानें खुलने पर लोगों ने खरीदारी की। सड़कों पर काफी आवाजाही रही। पुलिस ने समय से पहले ही बाजार बंद कराया। यातायात के नियमों का पालन न करने वालों का चालान किए। सब्जी मंडी में आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बाजार बंद रहे।