ताबड़तोड़ एनकाउंटर : जांबाज अफसरों ने इनामी बदमाश को मारी गोली
मुजफ्फरनगर में भोकरहेड़ी-सीकरी मार्ग पर रविवार रात बदमाशों ने तमंचों के बल पर राहगीरों से बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने बाइक सवारों को मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को घेरा लिया। पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी। कार्रवाई के दौरान एक दरोगा भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश पांच हजारी है। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
थाना भोपा क्षेत्र के गांव योगेंद्र नगर निवासी प्रवीण पुत्र रामपाल और संदीप पुत्र नरेश रविवार रात करीब पौने आठ बजे बाइक पर भोकरहेड़ी स्थित कोल्हू में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। भोकरहेड़ी-तौफीर रोड पर दो बदमाशों ने सड़क के बीचोबीच खड़े होकर बाइक को रुकवा ली और तमंचों के बल पर बाइक को लूटी। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रवीण व संदीप को मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीकरी मार्ग पर घेराबंदी कर ली। इस दौरान बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल में पूर्व सभासद देवराम भगत की ट्यूबवेल पर पहुंच गए।
पढ़ें : मुठभेड़ : 20 हजार के इनामी को जांबाज अफसर ने मारी गोली
गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में बदमाशों पर फायरिंग की। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि बदमाशों की गोली से एक दरोगा तेजसिंह भी जख्मी हो गए। पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। उधर, भोपा के थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि घायल बदमाश ने अपना नाम मेरठ के हस्तिनापुर के गांव दयालपुर निवासी सचिन पुत्र उधम सिंह बताया है। जबकि फरार बदमाश देवबंद के गांव जटौला निवासी रमेश पुत्र रामसिंह बताया है। पकड़े गए बदमाश पर पांच हजार रुपये को इनाम घोषित था। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश लगी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/