सीएम योगी से मिले बालियान, कहा- दंगे के फर्जी मुकदमे वापस कराएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में साल 2013 के सांप्रदायिक दंगे के दौरान दर्ज हुए फर्जी मुकदमों को वापस लिए जाने को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. संजीव बालियान के नेतृत्व में खाप चौधरियों का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछली सरकार में उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। 100 से अधिक महिलाओं को भी फर्जी मुकदमों में फंसा दिया गया। मुख्यमंत्री योगी ने विधिक राय लेकर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के नेतृत्व में भाकियू अध्यक्ष एवं बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत, अहलावत खाप के चौधरी गजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह लिसाढ़, ऑल इंडिया जाट महासभा के सचिव सुभाष चौधरी, प्रताप चौधरी शामली, राजवीर सिंह लांक, वीरेंद्र सिंह, उमेश मलिक ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
डॉ संजीव बालियान ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि वर्ष 2013 के दंगे में आगजनी और तोड़फोड़ के 402 मुकदमे दर्ज किए गए थे, इनमें बड़ी संख्या में फर्जी नामजदगी हुई। इसके अलावा दंगे के बाद पुलिस की ओर से 100 से अधिक महिलाओं को फर्जी मुकदमों में फंसाया गया था।
सपा सरकार में लोगों की कोई सुनवाई नहीं हुई। सपा सरकार के प्रभाव में ही एसआईटी ने जांच-पड़ताल की, जिसमें उनका पक्ष नहीं सुना गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी थी फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएं, अन्यथा सभी मामलों की निष्पक्षता से दोबारा जांच कराई जाए।
पढ़ें : मुजफ्फरनगर दंगा: भाजपा नेताओं से मुकदमे वापस लेने की तैयारी में योगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में वह विधिक राय लेंगे। इसके बाद कार्रवाई कराई जाएगी। सांसद डॉ. संजीव बालियान ने दंगे के दौरान बसी गांव से पलायन कर गए दलितों का मामला भी उठाया।
सांसद ने कहा कि दूसरे समुदाय के लोगों की वजह से बसी गांव से दलितों के 25 परिवार पलायन कर गए थे। पिछली सरकार ने दूसरे समुदाय के लोगों को मुआवजा दिया, लेकिन दलितों को मुआवजा नहीं दिया गया। सांसद ने पलायन करने वाले दलित परिवारों की सूची भी मुख्यमंत्री को सौंपी।
इसके साथ ही सांसद ने काकड़ा और दुल्हेरा गांव में दंगे के बाद दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा दो महिलाओं के साथ किए गए बलात्कार के मामले में भी मुआवजा नहीं दिए जाने का मामला उठाया। बालियान ने कहा कि पिछली सरकार ने मुआवजा देने में भी भेदभाव की नीति अपनाई। पीड़ितों के साथ न्याय होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/