सीबीएसई: पब्लिक स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी होगी मान्य, मई के बाद ही खुलेंगे स्कूल
संयम भारद्वाज ने बताया कि लॉकडाउन के बाद भी स्कूल नहीं खुले तो ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी लगती रहेगी। कुछ शिक्षकों ने अनुपस्थिति कम होने का सवाल किया तो उन्होंने कहा कि ऑनलाइन हाजिरी को ही छात्र की उपस्थिति माना जाएगा। लॉक डाउन खुलने के बाद सीबीएसई मूल्यांकन प्रारंभ करेगा। अगर किसी क्षेत्र में लंबे समय तक लॉकडाउन रहा और रेड जोन हुआ तो वहां शिक्षकों के घर कॉपी भेजकर मूल्यांकन कार्य कराया जाएगा।
सिलेबस दोबारा नहीं पढ़ाया जाएगा। ऑनलाइन जो सिलेबस पढ़ाया जा रहा है वही मान्य होगा। अगर किसी छात्र का कोई टॉपिक छूट गया है तो केवल वही पढ़ाया जाएगा। साथ ही सीबीएसई सिलेबस छोटा करने पर भी काम कर रही है। आगे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों ही तरह से पढ़ाई मानी जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्कूल 11वीं, 12वीं की पढ़ाई भी शुरू कर दें। मई के अंत तक सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की डेट बोर्ड जारी भी कर देगा। कुछ शिक्षकों ने कहा कि शराब की दुकान खुल गई हैं तो किताबों की दुकान भी खोली जाएं। संवाद में डॉ. विशाल जैन, राहुल केसरवानी, प्रेम मेहता, अनुपमा सक्सेना, चंद्रलेखा जैन, गोपाल दीक्षित मौजूद रहे।
मई के बाद ही खुलेंगे स्कूल
डॉ. सुनील जिंदल ने शिक्षकों को स्कूल खोलने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल के गेट पर एंट्री लेते समय ही सभी शिक्षकों छात्रों व स्कूल स्टाफ कर्मचारियों की थर्मल स्कैनिंग की जाए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व गार्ड को पीपीई किट व मास्क प्रदान किए जाएं। हर कक्षा व ऑफिस में विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइजर रखा जाए।
स्कूलों में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाए। पीने का साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। कमरों में वेंटिलेशन की उचित व्यवस्था हो। एक बेंच पर केवल एक ही छात्र बैठाया जाए। छात्रों के बैठने वाली कुर्सियां चारों ओर से कवर हों। स्कूल में हेल्थ चेकअप कैंप में नियमितता लाई जाए। छात्रों को हाथ धोने, हाथों को साफ करने मास्क पहनने की जानकारी भी दी जाती रहे।