संकट का सबब: गंगनहर बंद, मेरठवासियों को आज से 20 दिन नहीं मिलेगा शुद्ध गंगाजल, नलकूपों पर ही रहेगी निर्भरता
मेरठ के तकरीबन पांच लाख लोगों का गंगाजल की आपूर्ति के लिए 20 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। आज से गंगनहर सफाई के लिए बुधवार से 20 दिन के लिए बंद कर दी गई है।
विस्तार
गंगनहर सफाई के लिए बुधवार से 20 दिन के लिए बंद कर दी गई है। अब गंगनहर से शहर को पानी की आपूर्ति 25 अक्तूबर से शुरू होगी। इस अवधि में शहर को पानी की आपूर्ति नलकूपों से ही होगी।
शहर में करीब पांच लाख लोगों को गंगाजल की आपूर्ति होती है। विकासपुरी जलाशय को भाने की निगबम के पास कोई व्यवस्था नहीं है। सर्किट हाउस, पीएल शर्मा और टाउन हाल परिसर स्थित जलाशय को भरने के लिए सात ट्यूबवैल तो हैं, लेकिन जनरेटर से दो ही हैं। ऐसे में अगर बिजलीइ की किल्लत हुई तो इसका असर पानी की आपूर्ति पर भी होगा।
घंटाघर इलाके में नहीं पर्याप्त जलाशय
घंटाघर टाउन हॉल जलाशय की क्षमता 6000 किलोलीटर है। टाउन हॉल, जिला महिला अस्पताल, नगर निगम और अप्सरा सिनेमा के सामने ट्यूबवैल का इस्तेमाल किया जाएगा। तीन ट्यूबवैल और जलाशय संचालन के लिए निगम के पास केवल दो जनरेटर हैं। इस इलाके में घंटाघर, पत्थरवालान, सरायलालदास,लाला का बाजार, नील की गली, शीशमहल,डालमपाडा,होली चौक,कागजी बाजार, जलीकोठी, केसरगंज,छतरी वाला पीर, खैरनगर, शहर सराफा, कबाड़ी बाजार, ब्रह्मपुरी में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: जयंती: पिता का साया उठा तो संघर्ष में तपकर कुंदन बने टिकैत, सिसौली से संसार तक पहुंचाई किसानों की आवाज
साकेत और आसपास की 17 कॉलोनियों पर पड़ सकता है असर
पीएलशर्मा स्मारक जलाशय की क्षमता 5000 किलोलीटर है। जलाशय में पानी भरने के लिए केवल एक ट्यूबवैल है, लेकिन जनरेटर नहीं है। यहां बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, छीपी टैंक, शिवचौक, बुढाना गेट सहित आसपास के इलाकों में एक ही ट्यूबवैल से जलापूर्ति हो सकेगी।
सर्किट हाउस जलाशय की क्षमता 5000 किलोलीटर है। इसे दो नलकूपों से भरा जाएगा। इस जलाशय से साकेत, सूर्यनगर, प्रगतिनगर, आफिसर कालोनी, वेस्टर्न कचहरी रोड, शिवाजी रोड, अशोक वाटिका, प्रभातनगर, जेलचुंगी इलाका, नंगलाबटटू, मोहनपुरी,मंगलपांडेनगर सहित 17 कॉलोनियों तक पानी जाता है।
विकासपुरी से जुड़े इलाकों में भी होगी चुनौती
विकासपुरी जलाशय की क्षमता 6000 किलोलीटर है। इस जलाशय को भरने के लिए कोई ट्यूबवैल या सबमर्सिबल नहीं है। इस इलाके में जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर लगाए जाएंगे। पूर्वी इस्लामाबाद, गोलाकुंआ,स्टेट बैंक कॉलोनी, बुनकर नगर,रामनगर,आजाद रोड,विकासपुरी,आजाद नगर,लोहारपुरा, लखीपुरा जैसे इलाकों को विकासपुरी जलाशय से पानी मिलता है।
वैकल्पिक इंतजाम हैं पूरे
गंगाजल आपूर्ति बंद होने के बाद शहर में लोगों को पानी की किल्लत न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। विकासपुरी क्षेत्र में सबमर्सिबल पंप और टैंकर से जलापूर्ति सुचारू रखी जाएगी। -दुष्यंत कुमार, सहायक अभियंता जलकल नगर निगम।