अधिवक्ता फरहा फैज पर हमले के आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, ये था पूरा मामला
तीन तलाक के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करने वाली अधिवक्ता फरहा फैज पर हमला करने के मामले में आरोपी के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार्जशीट दाखिल कर दी है।
अधिवक्ता फरहा फैज ने बताया कि उन पर हमला करने के आरोपी साकिब को एनआईए और यूपी पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया था, जिसके फोटो प्रकाशित होने पर उन्होंने पहचान की थी।
अधिवक्ता फरहा फैज तीन तलाक के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ रही हैं। विगत 17 जून 2016 को जब वह दिल्ली में निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गोल्डन टेंपल ट्रेन में सहारनपुर जा रही थीं। तभी ट्रेन में दो अज्ञात युवकों ने धार्मिक बहस होने पर अधिवक्ता फरहा फैज पर हमला कर दिया था। इस मामले में फरहा फैज ने सहारनपुर जीआरपी थाने में 18 जून 2016 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में इसकी जांच दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जीआरपी थाने को स्थानांतरित कर दी गई थी।
उधर, इसी साल आईएसआईएस के अमरोहा मॉड्यूल का खुलासा करते हुए एनआईए और यूपी पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत 10 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया, जिनमें हापुड़ की एक मस्जिद का इमाम साकिब भी शामिल था। इसकी जांच एनआईए कर रही थी। साकिब का फोटो समाचार पत्रों में प्रकाशित होने पर अधिवक्ता फरहा फैज ने उसे पहचाना। फिर फरहा फैज ने उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ बयान दिया, जिसके बाद यह मामला दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सुपुर्द हो गया था।
वहीं अधिवक्ता फरहा फैज ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपी साकिब के खिलाफ गत 21 मई को चार्जशीट दाखिल कर दी है। फरहा फैज ने बताया कि चार्जशीट में इसका उल्लेख किया गया है कि आरोपी साकिब और उसके साथियों ने उन्हें टीवी पर तीन तलाक के मुद्दे पर बोलते हुए देखा और इसी के चलते ट्रेन में धार्मिक बहस होने पर उन पर हमला किया गया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/