सपा नेता अतुल के खिलाफ कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
सपा नेता अतुल प्रधान के विवादित भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। एसएसपी मंजिल सैनी के आदेश पर अतुल के खिलाफ हस्तिनापुर थाने में भद्रकाली चौकी इंचार्ज सत्यवीर सिंह की तहरीर पर आईपीसी की धारा 188 (लोकसेवक के आदेश की अवज्ञा) 504 (साशय अपमान), 506 (धमकी देना) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने इस कार्यक्रम की अनुमति देने से इंकार कर दिया था। मामला लखनऊ तक पहुंचा तो वहां से अतुल प्रधान का आपराधिक रिकार्ड तलब किया गया। रविवार रात में एसएसपी ने एसपी सिटी और एसपी देहात के साथ मीटिंग की। एसएसपी ने बताया कि 2011 तक अतुल प्रधान पर 22 अपराधिक मुकदमे दर्ज हुए थे। सपा सरकार आयी तो 2011 से 2016 तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। मेडिकल थाने में जुलाई 2017 में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है। एसएसपी ने कहा कि अतुल प्रधान की गिरफ्तारी होगी। जिसके बाद शास्त्रीनगर में अतुल की घेराबंदी हुई। रात में अतुल प्रधान अपने आवास पर नहीं मिला। अतुल के गांव गड़ीना में भी देररात दबिश दी गई। रात में पुलिस ने अतुल के साथ रहने वाले आधा दर्जन युवकों को भी हिरासत में लिया है।
पढ़ें : सपा नेता अतुल प्रधान के विवादित बोल, इंस्पेक्टर के बीच से दो टुकड़े कर देंगे
एसएसपी ने कहा कि किसी भी कीमत पर अतुल प्रधान को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। देररात कई थानों की फोर्स अतुल की तलाश में लगी थी। पुलिस के अनुसार अतुल के मोबाइल की लोकेशन रात में 11 बजे शास्त्रीनगर की थी। उसके बाद मोबाइल बंद आया। रात में जैसे ही एसएसपी ने अपने आवास पर एडिशनल एसपी और सीओ बुलाए तो उससे पहले ही सपा नेता घर छोड़कर फरार हो गया। एसपी सिटी मानसिंह चौहान, सीओ सिविल लाइन चक्रपणि त्रिपाठी, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और सात थानेदार आधीरात के बाद तक अतुल प्रधान की तलाश में लगे थे।
देखिए वीडियो : VIDEO: इस एसपी नेता ने कहा, 'इंस्पेक्टर के दो 'टुकड़े कर देंगे'
हर हाल में होगी गिरफ्तारी
एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने बताया कि वीडियो वायरल होने के मामले में हस्तिनापुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। अतुल का पुराना रिकार्ड खंगाला गया है, जिसमें उस पर 23 मुकदमे दर्ज हैं। अतुल की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिये गये हैं। हर हाल में उसे गिरफ्तार किया जायेगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/