सावधान! रिश्तेदार बनकर ठगी कर रहे साइबर सरगना,ऐसे बनाते हैं निशाना
रविवार को पुलिस लाइन स्थित साइबर सेल में ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। सभी मामलों में पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए। एक मामले में साइबर सेल ने 20 प्रतिशत धनराशि रिफंड भी करा दी। कई घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
कोतवाली थाना क्षेत्र सुभाष बाजार निवासी विवेक रस्तोगी सराफ व्यापारी हैं। रविवार दोपहर उनके पास अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने कहा कि उनके रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वह एक मेसेज भेज रहा हूं, उस मेसेज में भेजे लिंक को खोल लें। इसके बाद दो और मेसेज आए।
लिंक खोलने के बाद सराफ के खाते से 40 हजार रुपये दो बार में कट गए। पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर तहरीर दी। साइबर सेल की जांच में सामने आया कि राजस्थान से साइबर सरगनाओं ने सराफ व्यापारी के खाते से 80 हजार रुपये उड़ाए हैं।
वहीं, किठौर निवासी जियाउल हक पुत्र मोहम्मद हसमत के मोबाइल पर शनिवार देर शाम कॉल आई। कॉलर ने रिश्तेदार बनकर कहा कि उसने व्हाट्सएप पर लिंक भेजा है, उसे देखो और डाउनलोड कर लो। इस बीच जियाउल हक के खाते से 24 हजार 875 रुपये कट गए। रविवार को पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत की।
वहीं, लिसाड़ीगेट निवासी नसरीन मोहनपुरी में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती हैं। उसके मोबाइल पर रविवार दोपहर में कॉल आई। कॉलर ने कहा कि पार्लर का मैनेजर बोल रहा हूं कुछ रुपए भेजे हैं। भेजे गए मेसेज पर क्लिक कर लो, उसके मोबाइल में दो मेसेज आए जिन पर उसने क्लिक कर दिया।
अकाउंट से 25 हजार रुपए कट गए। पीड़िता सिविल लाइन थाने पहुंची। शिकायत करने पर उसे साइबर सेल भेज दिया गया। शिकायत के बाद उसके अकाउंट में चार हजार रुपए वापस आ गए। साइबर सेल के इंस्पेक्टर सुभाष अत्री का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आया है कि मध्यप्रदेश और राजस्थान में बैठे साइबर सरगना ठगी कर रहे हैं।