बिजनौर: नमाज के बाद उग्र प्रदर्शन, फायरिंग व पथराव, अमर उजाला का कैमरा तोड़ा, छायाकार से मारपीट
बिजनौर में जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सिविल लाइन क्षेत्र में पहुंच गए और हंगामा प्रदर्शन किया। सिविल लाइन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने जमकर पथराव किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन की कवरेज कर रहे अमर उजाला के छायाकार के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। यही नहीं छायाकार का कैमरा भी बुरी तरह तोड़ दिया गया।
बताया गया कि आसपास मौजूद लोगों ने छायाकार को बचाने की कोशिश कि लेकिन उग्र भीड़ ने किसी को नहीं बख्शा लोग लाठी डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने स्थिति संभाली लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी कई वाहनों में तोड़फोड़ कर चुके थे।
आसपास मौजूद लोग छायाकार को बचाकर सिविल लाइन स्थित बीजेपी कार्यालय में ले गए। इसी बीच दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भारी संख्या में पुलिसफोर्स मौके पर मौजूद है। लेकिन भीड़ पर काबू कर पाना मुश्किल हो रहा है।
उग्र हुई भीड़ ने सड़क पर मौजूद वाहनों में तोड़फोड़ की और सिविल लाइन में मौजूद पुलिस की गाड़ी पर भी डंडे बरसाए। पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन लोग जिसके जो हाथ लगा उसने उसी से मारपीट कर दी। स्थिति तनावपूर्ण है।
बताया गया कि लोग आमने सामने आ गए। कुछ लोगों ने फायरिंग भी की। पुलिस प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। नहटौर और नजीबाबाद में भी प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई। इस दौरान पुलिस पर जमकर पथराव किया गया। हालांकि समय रहते पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।