युवती को झांसा देकर पड़ोसी लड़के ने घर बुलाया, दोस्तों के साथ मिलकर की दरिंदगी, बनाई वीडियो
मुजफ्फरनगर के एक गांव में काम के बहाने दो आरोपियों ने पड़ोसी युवती को घर बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। आरोपियों ने युवती की वीडियो क्लिप भी बना ली। युवती और उसके परिजनों को आरोपियों ने किसी को घटना के बारे में बताने पर वीडियो क्लिप को इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी दी है। घटना के पांच दिन बाद छपार पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
छपार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में अवगत कराया कि 25 अप्रैल को वह पत्नी के साथ किसी काम से देवबंद गया था। उसके बच्चे पड़ोसी के यहां घरेलू काम भी करते हैं। वारदात के दिन उसकी पुत्री घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोसी ने उसकी बेटी को काम करने के बहाने अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां पर गांव का ही एक अन्य युवक भी मौजूद था। दोनों ने उसकी बेटी के साथ गैंगरेप किया तथा वीडियो क्लिप भी बना ली।
पड़ोसी लड़की के साथ दुष्कर्म
आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि किसी को बताया तो वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर देंगे। पांच दिन तक भयभीत पीड़िता ने घर आकर परिजनों को कुछ नहीं बताया। बदहवास पीड़िता को देख कर मां को कुछ शंका हुई। बार-बार पूछने के बाद पीड़िता ने घटना की अपनी मां को जानकारी दी। सोमवार को परिजन पीड़िता को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और एसएसपी से मिल कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर छपार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। छपार इंस्पेक्टर केके शर्मा ने बताया कि पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट दर्ज ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश डाली जा रही है।
जान की सुरक्षा की गुहार लगाई
एक युवक को अंजान व्यक्ति कई माह से फोन करके परेशान कर रहा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव रेई निवासी संजीव ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि करीब डेढ़ माह से कोई अंजान व्यक्ति उसके फोन पर बात करके परेशान कर रहा है। कुछ लड़के कार से उसके घर तक पहुंच गए, उस समय वह घर पर नहीं था। पत्नी से पूछताछ करके युवक चले गए। उसने जान का खतरा बताते हुए इस संबंध में कार्रवाई की गुहार की है।