लोकसभा चुनाव: फूंक-फूंककर कदम रख रही बसपा, मेरठ से कई दिग्गज लाइन में, अभी तय नहीं प्रत्याशी
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी फूंक फूंककर कदम रख रही है। प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर बसपा का गणित अभी साफ नहीं है। वहीं मेरठ से कई दिग्गज टिकट पाने की दौड़ में हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहुजन समाज पार्टी लोकसभा प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी करने के लिए फूंक-फूंककर कदम रख रही है। दो दिन पहले मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से टिकट पाने वालों की दौड़ में चर्चाओं में आए बदर अली के नाम पर ब्रेक लग गया है। अब बसपा त्यागी, गुर्जर या वैश्य बिरादरी पर दांव लगाने की तैयारी में है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो इसी सप्ताह प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो जाएगी। बसपा के पुराने दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी ने राजनीति गलियारों में टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। इनका कहना है कि देश में किसी भी सीट से वह और परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। उधर, बिजनौर लोकसभा सीट से अब चौ. विजेन्द्र सिंह बसपा से प्रत्याशी हो सकते हैं।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट दिन दिन ब दिन हॉट होती जा रही है। अभी तक बसपा ही नहीं बल्कि अन्य कोई दल भी अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर पाए हैं। दो दिन पहले बसपा से बदर अली का नाम चर्चाओं में आया था।
10 मार्च को इनके नाम की घोषणा होना भी तय किया गया था। बताया जा रहा है कि किन्हीं कारणों से बदर अली के नाम पर बसपा हाईकमान ने ब्रेक लगा दिया है। बताया जा रहा है कि त्यागी समाज से एक नेता सबसे आगे चल रहे हैं। वैश्य समाज के हापुड़ निवासी एक व्यक्ति भी टिकट के लिए लगाातर बसपा के संपर्क में हैं।
लोकदल को छोड़कर बसपा में शामिल हुए चौ. विजेन्द्र सिंह बिजनौर लोकसभा सीट से बसपा के प्रत्याशी बताए जा रहे हैं। आज बिजनौर स्थित शहनाई वैंकट हॉल में आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी चौ. विजेन्द्र सिंह शामिल होंगे।
बसपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल का कहना है कि बिजनौर लोकसभा सीट से चौ. विजेन्द्र सिंह को पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है। बिजनौर में हस्तिनापुर विधानसभा भी आती है। यहां से भी 38 बसों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को बिजनौर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन भेजा जा रहा है।