बहन के प्रेम संबंध से था परेशान, दिया वारदात को अंजाम, कहा- बर्दाश्त नहीं बदनामी
जिस बहन के लिए पिछले करीब दो साल से उसका छोटा भाई आस मोहम्मद धमकी देता था, वह शायद भाई की धमकी को भूल गई। मां की बीमारी की बात सुनकर रात में भाई के साथ घर के लिए चल दी और रास्ते में ही धोखे का शिकार हो गई। घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने लिसाड़ी गेट थाने में हत्यारोपी युवक आस मोहम्मद से पूछताछ की। सीओ के अनुसार आरोपी युवक ने बताया उसकी बहन तीन बार घर से प्रेमी के साथ चली गई। वह कई-कई दिन में लौटती थी। करीब डेढ़ माह से अपने प्रेमी के साथ रहने लगी। जिसके बाद से बिरादरी में कई बार वह बदनामी झेल चुका था। उसने बहन को समझाने की कोशिश की कि वह आबिद का साथ छोड़ दे। चाहे दूसरा निकाह कर ले या फिर अपने घर रहे। लेकिन वह नहीं मानी। वह कई दिनों से बहन की हत्या की प्लानिंग बना रहा था। बुधवार को उसने अपने दोस्त से पशु काटने वाला छुरा लिया था। जिसके बाद उसने सोच लिया था कि बहन की हत्या के बाद ही घर में कदम रखूंगा।
तांत्रिक बनने से पहले जेल
बेटी गुलफ्शा की हत्या के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पिता और अन्य परिजनों ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि उनका बेटा इस तरह से घटना को अंजाम दे सकता है। तीन भाइयों में आस मोहम्मद सबसे छोटा है। उसके पिता ने बताया कि कुछ माह से आस मोहम्मद एक तांत्रिक के पास जाता था। नशे की लत ने उसे बिगाड़ दिया। थाने में पूछताछ में आस मोहम्मद ने बताया कि वह तांत्रिक बनना चाहता था। लेकिन अब जेल जाना पड़ रहा है।
जेल जा चुका है आबिद
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट ने बताया कि गुलफ्शा का जिस आबिद से प्रेम प्रसंग चल रहा था, वह भी दो बच्चों का पिता है। पहली पत्नी को बिना तलाक दिए ही गुलफ्शा से निकाह करना चाहता था। जिसकी पहली पत्नी विरोध करती थी। गोकशी के आरोप में आबिद पहले जेल भी जा चुका है।
बड़ी बहन भी उसी घर में
गुलफ्शा का जहां अपने पति इरफान से तलाक के लिए कोर्ट में केस चल रहा है। वहीं गुलफ्शा की बड़ी बहन यास्मीन की शादी इरफान के बड़े भाई इमरान से हुई थी। बड़ी बहन और जेठ ने भी गुलफ्शा को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं मानी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/