सुभारती यूनिवर्सिटी में बाउंसर की गोलियां बरसाकर हत्या, दो घायल, ये थी विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक गांव बहादरपुर परतापुर निवासी मनोज नागर पुत्र बिजेंद्र सिंह सुभारती यूनीवर्सिटी में बाउंसर था। रविवार रात वह मेन गेट पर ड्यूटी पर था। इसी दौरान काले रंग की एसेंट कार वहां पहुंची। मनोज ने उसे एंट्री नहीं दी तो कार सवार युवकों की उससे झड़प हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनोज को पहले युवकों ने पीटा और फिर एक युवक फिल्मी अंदाज में गोलियां चलाता हुआ वहां पहुंचा और मनोज की कनपटी से असलहा सटाकर गोली चला दी। इसके बाद भी हमलावर ने मनोज को दो गोलियां और मारीं।
वहां तैनात दूसरे बाउंसर कृष्णवीर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर अनिल कुमार ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हमलावरों में दो की पहचान सूरज और मोहित के रूप में हुई है। परिजनों ने दोनों को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।