मुजफ्फरनगर : मतगणना में 15 वोट के निरस्त होने पर बिफरा विपक्ष, आत्मदाह की चेतावनी देकर धरने पर बैठे निर्दलीय प्रत्याशी के पति
पुरकाजी ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान ब्लॉक कार्यालय पर भारी फोर्स तैनात रहा। सभी मतदाताओं को तलाशी लेने के साथ ही उनका वोटर लिस्ट व आईडी से मिलान करने के बाद ही उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा समर्थित मालती देवी और निर्दलीय प्रत्याशी मंजू देवी चुनाव मैदान में थीं। शनिवार सुबह 11 बजे से ब्लॉक कार्यालय में मतदान शुरू हुआ। सभी 77 बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख के लिए अपने मत का प्रयोग किया, जिसके बाद मतगणना शुरू कर दी गई।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने निर्दलीय प्रत्याशी मंजू देवी के चार मत से विजयी होने की जानकारी दे दी, जिस पर विपक्षी दल खुशी जताने लगे। शाम करीब चार बजे विधायक प्रमोद उटवाल समर्थकों के साथ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे, जहां समर्थकों ने विजयी चिह्न बनाकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसे लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इसके बाद विपक्ष आक्रोशित हो उठा और हंगामा शुरू कर दिया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख निशी त्यागी, पूर्व विधायक अनिल कुमार, सपा नेता राकेश शर्मा, भाकियू नेता मांगेराम त्यागी, नवीन राठी, बिट्टू राठी, गोल्डी राठी व धीरज त्यागी आदि समर्थकों के साथ हाईवे पर जा पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू करते हुए हाईवे जाम करने की चेतावनी दी। वहीं, भाकियू नेता मांगेराम त्यागी ने ब्लॉक कार्यालय के साथ ही पुरकाजी व छपार थाने में भूसा भर देने की भी चेतावनी दे डाली।
निर्दलीय प्रत्याशी मंजू देवी के पति विनोद कुमार ने भी ब्लॉक कार्यालय के गेट पर धरना देते हुए आत्मदाह की चेतावनी दे डाली, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ लोगों ने जबरन ब्लॉक परिसर में घुसने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद आरओ आरके श्रीवास्तव ने भाजपा समर्थित मालती देवी के विजयी होने की जानकारी दी।
मालती को 33 व मंजू को 29 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं, 15 मत निरस्त भी हुए, जिसे लेकर एक बार फिर ब्लॉक कार्यालय पर हंगामा शुरू हो गया। आरोप लगाया कि प्रशासन ने निर्दलीय प्रत्याशी की वोट निरस्त कर भाजपा प्रत्याशी को जिताया है। काफी देेर चले विरोध-प्रदर्शन के बाद पूर्व विधायक अनिल कुमार व राकेश शर्मा द्वारा लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया गया, जिसके बाद विपक्ष के लोग वहां से लौट गए।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान
पुरकाजी ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान ब्लॉक कार्यालय पर भारी फोर्स तैनात रहा। सभी मतदाताओं को तलाशी लेने के साथ ही उनका वोटर लिस्ट व आईडी से मिलान करने के बाद ही उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश कराया गया।
ब्लॉक कार्यालय के आसपास क्षेत्र की बैरिकेडिंग करते हुए सभी वाहनों को खादर तिराहा व खड़कावाला बाग पर रोकते हुए वहां से बैरंग लौटा दिया गया। इसी दौरान एसपी सिटी विजयवर्गी ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम सदर दीपक कुमार, सीओ सदर हेमंत कुमार और सीओ मंडी हिमांशु गौतम पुलिस फोर्स व आरआरएफ के जवानों के साथ मौजूद रहे।