फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   bjp pardesh president news

बुआ कर रहीं भतीजे का बचाव : केशव प्रसाद मौर्य 

Mon, 12 Sep 2016 02:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ Updated Mon, 12 Sep 2016 02:26 AM IST
विज्ञापन
bjp pardesh president news
सभा को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या। - फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चाहे कोई भी सीट हो, सब पर भाजपा से ही दूसरे दलों का मुकाबला होगा। सपा ने जहां गुंडाराज को बढ़ावा दिया है, तो मायावती दलित वोटों को बेच रही हैं। बसपा की सहारनपुर रैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बुआ अपनी सभाओं में भतीजे का बचाव कर रही हैं। एक बार भी सपा के खिलाफ नहीं बोलीं। क्योंकि उन्हें डर है कि पिछले कारनामों के कारण कहीं सपा उन्हें और उनके खास लोगों को जेल न पहुंचा दे। 
विज्ञापन


रविवार को मेरठ में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एनएच-58 स्थित एक फार्म हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और सपा-बसपा का सफाया होगा। बसपा की रैली सभी स्थानों पर फ्लॉप साबित हो रही है। भाजपा सुशासन का प्रतीक है, जबकि बसपा, सपा और कांग्रेस भ्रष्टाचार और कुशासन का। सपा सरकार में पुलिस अपराधियों से पिट रही है। प्रदेश में 150 से अधिक अधिकारी और पुलिस के जवान मारे जा चुके हैं।
विज्ञापन


अखिलेश सरकार विकास विरोधी है। किसानों और बेरोजगारों की कोई चिंता नहीं है। प्रदेश सरकार ने फसल
बीमा में भी खेल किया है। गन्ने की फसल को फसल बीमा में शामिल किया, जो गलत था। अब उसे हटाने का आदेश दिया गया है। 

मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी खाट पंचायत कर रहे हैं, लेकिन जनता ने उनकी खाट खड़ी कर दी है। बीजेपी के नेता नरेंद्र मोदी हैं और देश के सामने मोदी ने विकास का चेहरा प्रस्तुत किया है। विकास के दम पर उत्तर प्रदेश में भाजपा चुनाव लड़ेगी। बाबा साहब अंबेडकर को लेकर भाजपा जब मैदान में आई, तो बसपा को अंबेडकर साहब याद आ गए। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी का आलम यह है कि 300 पदों पर 23 लाख आवेदन आ रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मायावती मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति पर चल रही हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में अपने किसी सदस्य को न भेजकर इसका उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी तरह दयाशंकर की बेटी पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जो टिप्पणी की, तो उस पर कोई कार्रवाई न कर मुस्लिम तुष्टीकरण को ही आगे बढ़ाया। 2014 के लोकसभा चुनाव में जनता ने बसपा को जीरो पर आउट किया था। 2017 के विधानसभा चुनाव में यह डबल जीरो होगा। 

लगातार दूसरे दलों से आ रहे नेताओं और दावेदारों की बढ़ती संख्या पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जिसे टिकट देगी, संगठन उसे चुनाव लड़ाएगा और जीत निश्चित होगी। मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? इस पर मौर्य ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री पद का दावेदार है। इसलिए फिलहाल किसी चेहरे पर फोकस नहीं है। रालोद से गठबंधन की संभावनाओं को सिरे से नकारते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा अकेेले दम पर चुनाव लड़ेगी। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी त्यागी, कांता कर्दम, देवेंद्र सिंह, विनीत अग्रवाल शारदा, विधायक ठा. संगीत सोम, विधायक रविंद्र भड़ाना, प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग मौजूद रहे। 


‘संगीत की चुनौती स्वीकार करें अखिलेश’ 
सरधना
विधायक ठा. संगीत सोम द्वारा फेसबुक पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सरधना से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह विधायक संगीत सोम का अपने क्षेत्र की जनता में विश्वास है, जो उन्होंने ऐसा बोला है। ऐसे में अखिलेश यादव संगीत सोम की चुनौती स्वीकार करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed