भाजपा नेता ने अधिकारी को सुनाई खरी-खोटी, फिर किया जानलेवा हमला
यूपी में बिजनौर के नूरपुर में एक भाजपा नेता ने ऊमरी बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता को मोबाइल पर खूब खरीखोटी सुनाई और बाद में साथियों के साथ उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना से अवर अभियंताओं में भारी रोष है। पीड़ित जेई ने विद्युत निगम के कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर भाजपा नेता के विरुद्घ तहरीर दी है।
ऊमरी बिजलीघर पर बीएल वर्मा की अवर अभियंता के रूप में तैनाती है। रविवार की शाम आई आंधी में खंभे टूटने के कारण बिजलीघर के सभी फीडरों की आपूर्ति ठप है। अवर अभियंता बीएल वर्मा का आरोप है कि सोमवार की शाम वह गांव पोटी के पास बिजली की टूटी लाइन ठीक करा रहे थे। इस दौरान गांव मोरना निवासी सतेंद्र कुमार शेखावत ने उन्हें फोन किया व खुद को भाजपा नेता बताकर खरीखोटी सुनाई। अवर अभियंता के खंभे टूटे होने के कारण बिजली गुल होने की बता कहने पर सतेंद्र कुमार और भड़क गए। जेई के मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।
अवर अभियंता का आरोप है कि जब वह शाम के समय लाइन ठीक करने के लिए जंगल में गए तो सतेंद्र कुमार ने अपने एक अन्य साथी के साथी उस पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी किया। किसी तरह वह जान बचाकर भागे। इस घटना से बिजली विभाग के अवर अभियंताओं में रोष फैल गया। दोपहर को चांदपुर डिविजन के सभी बिजलीघरों पर तैनात जेई नूरपुर पहुंचे और पीड़ित बीएल वर्मा से मामले की जानकारी ली। बाद में सभी एकत्र होकर थाने पहुंचे तथा पीड़ित जेई ने अभद्रता करने का ऑडियो क्लिप की सीडी के साथ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। अवर अभियंता संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चेताया कि पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई नहीं की तो जनपद के सभी अवर अभियंता काम बंद कर आंदोलन करेंगे। प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चांदपुर डिविजन के अधिशासी अभियंता अजयपाल यादव ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है तथा इस संबंध में अवर अभियंताओं से बात की जाएगी।
पढ़ें : भाजपा कार्यकर्ता के रिश्तेदार की दबंगई, सिपाही से मारपीट, वर्दी फाड़ी
भाकियू कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन को बंधक बनाया
भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धामपुर वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन अमित सक्सेना पर चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न करने और विरोध करने पर जेल भेजवाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उन्हें धूप में बैठाकर प्रदर्शन कर घेराव किया। भाकियू की ओर से मंगलवार को तहसील क्षेत्र के किसान तहसील में एकत्र हुए। पहले भाकियू संस्थापक बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्य तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इसके बाद किसान समस्याओं पर चर्चा की गई।
किसानों ने कहा कि अफजलगढ़ क्षेत्र में किसानों की बिजली की समस्याओं का निदान वहां के अधिकारियों द्वारा समय से नहीं किया जा रहा है। यदि कोई अधिकारियों से समस्या का निदान कराने को ऊंची आवाज में बात करने का प्रयास करता है तो वह अभद्रता करते हैं। चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। एक ही कैंपस में यदि कोई किसान परिवार के साथ रहता है तो उसके दो बेटे शादी शुदा है तो उनके पुत्रों के खिलाफ पुलिस में बिजली चोरी करने का रिपोर्ट कायम करने की धमकी दी जा रही है। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद कार्यकर्ताओं ने अफजलगढ़ क्षेत्र के एक्सईएन को तहसील में मीटिंग के बीच में बुलाकर निदान कराने को बुलाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान एक्सईएन अमित सक्सेना ने किसानों की बात को ठुकरा दिया। इस पर किसानों का गुस्सा भड़क गया। किसान लामबंद होकर उनके कार्यालय में जा पहुंचे। कार्यालय में पहुंचने पर किसानों की पहले एक्सईएन से नोकझोंक हुई बाद में किसान एक्स्ईएन को कार्यालय से निकाल कर बाहर ले गए और चिलचिलाती धूप में बैठाकर प्रदर्शन किया। बाद में समस्याओं का आश्वासन देने पर छोड़ा। किसानों ने करीब दो घंटे तक एक्सईएन को अपने बीच में बंधक बनाए रखा। प्रदर्शनकारियों में देवराज सिंह, दर्शन सिंह, प्रेम सिंह, कल्याण सिंह, रघुवीर सिंह, सतवीर सिंह, हरिराज सिह जाट, चेतन कुमार, रामकुमार, राजेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, कविराज सिंह, रमेश सिह शेखावत, देवेंद्र कौशिक, राजपाल सिंह रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/