आन की खातिर बेटी की हत्या: सोते समय गला दबाकर ली जान, प्रेम प्रसंग से नाराज था पिता, पुलिस ने हिरासत में लिया
बिजनौर के नगीना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र में झूठी आन की खातिर एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। आरोप है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने तड़के सोते समय उसका गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट विवाद: धरनारत महिलाओं का अनोखा विरोध, आत्मसम्मान-विश्वास की ‘तेरहवीं’, हवन कर जताया गुस्सा
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बिन्जाहेड़ी से बुधवार सुबह सूचना मिली कि गांव में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो गांव निवासी नजाकत की 17 वर्षीय पुत्री घर में मृत अवस्था में मिली।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सोलंकी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने खुद स्वीकार किया कि उसने तड़के करीब चार बजे सोते समय अपनी बेटी का गला दबाकर हत्या की।
प्रेम प्रसंग से नाराज था परिवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव के ही एक युवक से लड़की का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे परिवार नाराज था। परिवार की ओर से बार-बार समझाने के बावजूद लड़की के न मानने पर पिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नजाकत के छह बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। मृतका परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता बाहर एक बेकरी पर काम करता है।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: फैसले का खौफ या आस्था, जेल में तीन दिन से उपवास पर मुस्कान, सजा के डर से आरोपी पूछ रहे सवाल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं मृतका के मामा की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर देने की तैयारी की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।