Bijnor: चलती कार बनी आग का गोला…, हथनीकुंड बैराज पुल पर सवारों ने छलांग लगाकर बचाई जान!
Bijnor: हथनीकुंड बैराज पुल पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। चालक और सवारों ने समय रहते कूदकर जान बचाई। भीषण आग की वजह से पुल पर लंबा जाम लग गया और कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
विस्तार
हथनीकुंड बैराज पुल पर बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यूपी से हरियाणा की ओर जा रही एक कार अचानक चलते-चलते आग का गोला बन गई। कार में उठती लपटें देखते ही चालक और अन्य सवार तुरंत कार से कूद पड़े और उनकी जान बाल-बाल बच गई।
आग लगते ही पुल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों राज्यों की सीमाओं पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन रोकना पड़ा। कई वाहन चालक मौके पर अपनी गाड़ियां रोककर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी कार के करीब नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 22 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
सूचना मिलते ही यूपी और हरियाणा बैराज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
फिलहाल, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक अनुमान लग रहा है कि यह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का मामला हो सकता है।