सावधान: होली से पहले चलेगा एफडीए का बड़ा अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग मुख्यालय के साथ शासन ने भी बड़े पैमाने पर सैंपलिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसकी शुरुआत सोमवार से होगी। अभियान शहर के साथ देहात क्षेत्र में भी चलेगा। फोकस उन बड़े सप्लायर या थोक कारोबारियों पर रहेगा, जो कच्चा या पक्का माल तैयार कर दुकानदारों को सप्लाई करते हैं। इसके लिए एफडीए की टीम ने जिला प्रशासन से तालमेल बैठाते हुए खाका तैयार कर लिया है। सैंपलिंग अभियान में जिला प्रशासन और एफडीए के खाद्य सुरक्षा अधिकारी संयुक्त रूप से काम करेंगे। शासन ने छापेमारी के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
12 और 13 मार्च को होली के त्योहार के मद्देनजर शनिवार को शासन ने सभी जिलों में एफडीए को अभियान चलाने का निर्देश जारी किया। साथ में जिला प्रशासन को सैंपलिंग की कार्रवाई पर नजर रखने को कहा है। इसके बाद एफडीए ने शनिवार को टीमें गठित कर इसकी सूची जिला प्रशासन को भी मुहैया करा दी। इन टीमों के साथ जिला प्रशासन की तरफ से एसीएम स्तर के अफसरों को लगाया गया है। एफडीए की टीम में 16 अधिकारी शामिल हैं, जबकि बाकी स्टाफ को सहयोग के लिए अलर्ट पर रखा जाएगा। एफडीए का कहना है कि अभियान 10 मार्च तक ही चलाया जाएगा। दरअसल 11 मार्च को मतगणना है, जिसमें पुलिस-प्रशासन के साथ एफडीए अधिकारियों की भी ड्यूटी लगी है। ऐसे में पांच दिन के अभियान में पूरे जिले को कवर करने की कोशिश की जाएगी।
इन चीजों के भरे जाएंगे सैंपल
होली पर मिठाई की मांग बढ़ जाती है। ऐेसे में टीम का फोकस दूध और उससे बनने उत्पादों की सैंपलिंग पर रहेगा। साथ ही रंग युक्त मिठाइयों के अलावा तेल, घी, मसाले और अन्य उत्पादों के भी सैंपल भरे जायेंगे।