भाजपा विधायक संगीत सोम के भाई से थाने में मारपीट, इंस्पेक्टर ने हवालात में डाला, जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुस्लिम समाज के दो पक्षों में झगड़े के मामले की जानकारी लेने कोतवाली आए सरधना के भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सोम के छोटे भाई से पुलिस ने मारपीट और अभद्रता कर दी। आरोप है कि उसकी एक नहीं सुनी गई और इंस्पेक्टर ने उसे हवालात में बंद कर दिया। मामला विधायक के भाई से जुड़ा होने के बाद पुलिस अफसरों में हड़बड़ी मच गई। यह मामला यूपी के मुजफ्फरनगर शहर का है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को खुद कोतवाली पहुंचना पड़ा। जैसे तैसे सोम के भाइयों का गुस्सा शांत कर कप्तान ने मामले की जांच बैठा दी है। उधर, देर रात एसएसपी ने खतौली इंस्पेक्टर को हटाकर लाइन भेज दिया। भोपा थाने से संतोष कुमार को खतौली थाने का प्रभार सौंप दिया।
विधायक के भाई से मारपीट के मामले के पीछे घटना यह है कि नगर के ढाकन चौक पर शाम के वक्त मुस्लिम समाज के दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन-चार युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिया। एक पक्ष ने मामले की जानकारी विधायक सोम के छोटे भाई गगन को दी। बड़ा बाजार स्थित अपने आवास से गगन कोतवाली पहुंच गए, जहां उनके साथ यह मारपीट हुई।
उनका आरोप है कि पुलिस ने अभद्रता की और इंस्पेक्टर ने उन्हें हवालात में डाल दिया। परिचय दिए जाने के बावजूद उनकी एक नहीं सुनी गई। भाई के साथ पुलिस की अभद्रता की जानकारी विधायक सोम को मिली, तो उन्होंने मोबाइल पर ही इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज की क्लास लगाई। इसी बीच गगन को हवालात से बाहर निकाल दिया।
विधायक के दूसरे भाई सागर सोम भी कोतवाली पहुंच गए। उनकी भी इंस्पेक्टर से नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह पहुंचे और सोम बंधुओं को समझा बुझा कर शांत किया। मामले की गंभीरता देख एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी कोतवाली पहुंच गए। भाजपा विधायक के भाईयों ने कप्तान को पूरी घटना बताई। एसएसपी ने अगल कमरे में सोम भाईयों से वार्ता की और उनका गुस्सा शांत किया। कप्तान ने सीओ कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भेजने के निर्देश दिए है।
कोतवाली पुलिस और इंस्पेक्टर द्वारा अभद्रता, मारपीट मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को की जाएगी। छोटा भाई गगन सोम झगडे़ की जानकारी लेने आया था। एसएसपी को पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है। -सागर सोम, विधायक का भाई
- मामले में एसएसपी स्वयं सोम बंधुओं से घटना की जानकारी ले चुके है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर एसएसपी को रिपोर्ट दी जाएगी। - डॉ राजीव कुमार सिंह सीओ खतौली।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/