बच्चा चोरी की अफवाहें और दहशत में लोग, फिर एक महिला को पीटा, 70 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर जिले के मोहल्ला कमेला कॉलोनी में किसी काम से गई एक महिला को लोगों ने बच्चा चोरी करने के संदेह में पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस के सामने भी भीड़ ने महिला को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। इस मामले में महिला की ओर से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कमेला कॉलोनी में गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे बच्चा चोरी करने का शोर मच गया। इस दौरान काफी लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने एक महिला पर मोहल्ले के ही एक चार साल के बच्चे को चोरी करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जबकि महिला खुद को बेकसूर बताती रही। इसी दौरान किसी ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ के चंगुल से किसी प्रकार महिला को बचाया। पुलिस ने महिला को मंडी कोतवाली पर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने महिला के पति को भी बुलवा लिया।
यह भी पढ़ें: मेरठ: लावड़ में महिलाओं ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वर्दी फाड़ी, एसओ समेत कई घायल
महिला ने बताया कि वह कमेला कॉलोनी में दुकान से दवा लेने के लिए गई थी। पता नहीं अचानक लोग इकट्ठा हुए और उसे पकड़ लिया। उसके साथ मारपीट कर दी। वह बेकसूर है। इस मामले में महिला अफसाना ने 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
महिला के छह बच्चे हैं
सीओ सिटी ने बताया कि मो. फैजान और अफसाना कमेला कॉलोनी के पास ही स्थित आजाद कॉलोनी में रहते हैं। उनके छह बच्चे हैं। जिनमें चार लड़के एवं दो लड़कियां हैं। वह भिक्षु के रूप में जीवन गुजार रहे हैं। अफसाना की ऐसी हालत देखकर लोगों ने समझ लिया कि यह बच्चा चोरी कर रही है, जबकि वह कॉलोनी में एक दुकान से दवा लेने के लिए जा रही थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी आरोपियों की पहचान
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि महिला भीख मांगकर अपने परिवार का गुजारा करती हैं। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोगों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बच्चा चोर समझकर हरियाणा के युवक को मेरठ में भीड़ ने जमकर पीटा, वीडियो वायरल
कभी करते थे सोना खरीद-फरोख्त का कारोबार
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मो. फैजान कभी सोने की खरीद-फरोख्त का काम करता था। लेकिन काम में घाटा आने से परिवार सड़क पर आ गया। कई साल से आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई, कि परिवार को किसी तरह गुजारा कर रहा है।
- अफवाह न फैलाने के लिए जिले में कराई गई मुनादी
बच्चा चोरी की अफवाहों एवं सोशल मीडिया पर चल रहीं भ्रामक सूचनाओं को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को जिले भर में मुनादी कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद सदर बाजार, मंडी कोतवाली और नगर कोतवाली पुलिस ने अलग- अलग मोहल्ले और प्रमुख बाजारों में मुनादी कराई। चेतावनी दी गई है कि किसी ने भी बच्चा चोर गिरोह होने की अफवाह फैलाई अथवा किसी को भी बच्चा चोरी करने के संदेह में पकड़ कर पीटा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी दिनेश कुमार ने कहा है कि सोशल मीडिया एवं अन्य किसी भी माध्यम से अफवाह एवं भ्रामक सूचनाएं न फैलाएं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी अफवाह के बारे में तुरंत डायल 100 नंबर पर सूचित करें।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/