Meerut: आखिर तीसरी मंजिल से क्यों कूदा BCA का छात्र? सामने आई सुसाइड की बड़ी वजह, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Meerut News : सुभारती कॉलेज के बीसीए के छात्र ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र के आत्महत्या करने के पीछे ये बड़ी वजह सामने आई है। उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
मेरठ में परतापुर बाईपास स्थित विवि में बीसीए के छात्र शशि रंजन (18) ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। छात्र के गिरने की आवाज सुनकर दूसरे छात्र और गार्ड पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। छात्र को तुरंत इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि शशि की दोस्त छात्रा ने उससे बात करने से इन्कार कर दिया, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली। सोमवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बिहार रवाना हो गए। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने से इन्कार कर दिया।
बिहार के सीतामणी महेंदवारा थाना क्षेत्र के महेशा फरकपुर गांव निवासी किसान मनोज कुमार का बेटा शशि रंजन सुभारती विवि में बीसीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। शशि मदन लाल ढींगरा वीर हकीकत राय हॉस्टल में रहता था। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, रविवार रात 11:54 बजे वह मोबाइल पर बात करते हुए कमरे से निकलता दिख रहा था। इसके बाद वो नीचे कूद गया। वार्डन और अन्य स्टाफ तुरंत शशि को इमरजेंसी में ले गए। सर में गंभीर चोट के कारण उसे वेंटीलेटर पर रखा गया लेकिन, उसकी मौत हो गई। वहीं, विवि प्रशासन ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि शशि की किसी छात्रा से दोस्ती थी, उसने शशि से बात करने से मना कर दिया था। शशि ने छात्रा की सहेली को फोन किया लेकिन, उसने भी बात कराने से मना कर दिया। जिसके बाद शशि ने बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी। शशि के मोबाइल की जांच कराई जा रही है। शशि की 20 दिसंबर से परीक्षा होनी थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मोर्चरी पहुंचे शशि के ताऊ के बेटे चंद्रमोहन और दूसरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया कि चार भाई-बहनों में शशि तीसरे नंबर का था। दो बड़ी बहने हैं। रात को भी शशि ने मां से फोन पर बात की थी लेकिन उसने कुछ नहीं बताया था। बहन की शादी को लेकर भी चर्चा की थी। चंद्रमोहन ने बताया कि एडमिशन के बाद से उसने कभी कोई शिकायत या परेशानी के बारे में नहीं बताया। चंद्रमोहन ने पुलिस कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। विवि के प्रेस प्रवक्ता अनम शेरवानी का कहना है कि कुलपति द्वारा कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। निजी कारणों के चलते छात्र द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है।
यह भी पढ़ें: वर्दी का रौब: खूब वायरल हो रहा दरोगा का ये वीडियो, टेंपो चालक के साथ की अभद्रता, गरीब पर न आया तरस
शशि की एक छात्रा से दोस्ती थी, उसने बात करने से मना कर दिया। जिसके कारण शशि ने आत्महत्या कर ली। छात्र के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। - कमलेश बहादुर, एसपी देहात
यह भी पढ़ें: UP: गर्भवती का गला दबाकर मारने की कोशिश, विरोध करने पर धमकी देकर फरार, दीवार पर नाम लिख बदनाम कर रहे मनचले