स्थान- संत विहार लल्लापुरा, टीपी नगर
नए कोविड का खौफ: बैरिकेडिंग, सुनसान गली, मेरठ में फिर पांच माह पहले जैसा हाल
पूरी गली में 9 लोग पॉजिटिव हैं, इसलिए बैरिकेडिंगकी गई है। इसी दौरान एक व्यक्ति टिफिन लेकर आता है और बैरिकेडिंग के बराबर से जाने की कोशिश करता है। पुलिसकर्मी उसे रोक कर पूछताछ करते हैं। वह बताता है कि संक्रमित परिवार के अन्य लोगों के लिए जो यहां क्वारंटीन हैं, के लिए खाना लेकर आया है। खाना परिवार के रिश्तेदारों ने भिजवाया है। पुलिसकर्मी खाना परिवार तक पहुंचाने का आश्वासन देकर व्यक्ति को लौटा देते हैं।
थोड़ी देर बाद एक और युवक अंदर जाने की कोशिश करता है। उसे भी पुलिसकर्मी रोक लेते हैं। बताते हैं कि अगर किसी के यहां जाना है तो उससे फोन पर बात कर ले। उसका भी नाम, पता और मोबाइल नंबर नोट करते हैं। इसके अलावा मानसरोवर गार्डन में भी बैरिकेडिंग कर दी गई है, जहां एक युवती संक्रमित निकली है। वह भी ब्रिटेन से आई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को युवती के बारे में जानकारी नहीं हो सकी थी। शनिवार को पुलिस से पता चलने पर कोरोना की जांच कराई गई।
दंपती और बच्ची अलग वार्ड में भर्ती कराए
दंपती और बच्ची के लिए सुभारती अस्पताल में अलग से वार्ड की व्यवस्था की गई है। उनका सैंपल जांच के लिए दिल्ली सीएसआईआर केंद्र भेजा गया है, जहां कोरोना की जीन सीक्वेंसिंग की जाएगी। - डॉ, प्रशांत कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी
विदेश से आए 29 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव, चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
मेरठ में विदेश से आए 29 लोगों की कोरोना की आरटीपीसीआर जांच निगेटिव आई है। इससे पहले इनकी एंटीजन जांच भी निगेटिव आई थी। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि अब तक ब्रिटेन से आए चार लोग संक्रमित निकल चुके हैं, जिनमें टीपी नगर के लल्लापुरा के संत विहार निवासी दंपती, उनकी नौ साल बच्ची और मान सरोवर गार्डन की एक युवती शामिल है।
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि 33 लोगों की कोरोना की आरटीपीसीआर की जांच कराई गई थी। इनमें से 29 की रिपोर्ट निगेटिव है। चार लोग ही पॉजिटिव आए हैं। अब तक विदेश से आए कुल 84 लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग को मिली थी, जिनमें से 10 लोग आसपास के जिलों में गए हैं, जबकि 2 लोग वापस ब्रिटेन चले गए। बाकी बचे 72 लोगों में से 33 की जांच कराई गई थी।
39 लोगों को आए हुए 28 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। उनकी जांच नहीं हुई है लेकिन निगरानी कराई जा रही है। पॉजिटिव आए लोगों के सैंपल जीन सीक्वेंसिंग जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट सोमवार-मंगलवार को आ सकती है। इससे पता चलेगा कि उनमें वायरस स्ट्रेन-2 है या पहले वाला है।
एक और मौत, डीपीएस के शिक्षक समेत तीन स्टाफ पॉजिटिव
कोरोना के शनिवार को 70 नए मरीज मिले, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान 109 लोगों की छुट्टी हुई है। मरीजों की कुल संख्या 20,472 हो गई है। अब तक 18,920 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है।
मृतक 72 वर्षीय व्यक्ति शास्त्री नगर के रहने वाले थे। अब तक 391 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय केस 1,161 हैं। इनमें से 360 लोग होम आइसोलेशन में हैं। नए मरीजों में डीपीएस बागपत रोड के तीन स्टाफ भी शामिल हैं।
डीपीएस बागपत रोड के शिक्षक व एक अन्य स्टाफ पहले भी संक्रमित मिले थे। उधर, कंकरखेड़ा स्थित गायत्री ग्रीन और डिफेंस एनक्लेव में शनिवार को यूपीएससी की टीम ने लोगों के सैंपल लिए। इसमें एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि गायत्री ग्रीन कॉलोनी निवासी व्यक्ति के परिवार के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।