दुष्कर्म पीड़िता के कोर्ट में दर्ज कराए बयान, आरोपियों के खौफ से गांव छोड़ने का लिया फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बागपत में जिला अस्पताल से सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित नर्सिंग की छात्रा को छुट्टी मिल गई है। पुलिस ने पीड़ित को न्यायालय में पेश कर 164 सीआरपीसी के बयान दर्ज कराए। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बयान दिए। पुलिस पूरे परिवार को सुरक्षा के बीच खेकड़ा थाना क्षेत्र में किराये के मकान तक छोड़कर आई। पीड़ित परिवार ने गांव जान से इंकार कर दिया है।
जिला अस्पताल में भर्ती बुखार से पीड़ित नर्सिंग की छात्रा के साथ 15 अक्तूबर की रात में वार्ड ब्वॉय यतेंद्र शर्मा उर्फ भूरा और प्रशिक्षु फार्मेसिस्ट दिलशाद ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंची। पीड़ित छात्रा का जिला अस्पताल में इलाज चला। डॉ. राजेश कुमार और डॉ. शिल्पी सिरोह ने छात्रा का इलाज किया शनिवार को पीड़ित छात्रा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित को न्यायालय में पेश किया। न्यायाधीश के समक्ष छात्रा ने 164 सीआरपीसी के बयान दर्ज कराए। इसने दोनों आरोपियों के खिलाफ बयान दिए हैं।
इसके बाद पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा में घर तक छोड़ा गया। पीड़ित परिवार ने गांव जाने से इंकार कर दिया। फिलहाल पीड़ित परिवार खेकड़ा थाना क्षेत्र में किराये का मकान लेकर रहेगा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि छात्रा के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए है। पीड़ित परिवार को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी पूर्ण सुरक्षा करेगी।
चिकित्सक की वीडियो बनाई, मांगी माफी
जिला अस्पताल में सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित छात्रा को छुट्टी देते समय पीड़ित के भाई ने मोबाइल फोन से चिकित्सक की वीडियो बना ली। इसको लेकर चिकित्सक ने हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़ित परिवार को जमकर लताड़ लगाई। उन्हें कार्रवाई के नाम पर डराया। बाद में पीड़ित के भाई से चिकित्सक ने लिखित में माफीनामा लिया। पीड़ित के भाई ने बताया कि छोटे भाई ने गलती से वीडियो बना ली। चिकित्सक ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने लिखित में माफी मांगी है। चिकित्सक राजेश कुमार ने बताया कि छुट्टी की कार्रवाई करते समय पीड़ित का भाई वीडियो बना रहा था, जो गलत है। उन्होंने लिखित में माफी मांगी है।
पीड़ित परिवार को मनाने पहुंचे प्रधान पति
जिला अस्पताल में सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित छात्रा को छुट्टी मिलने से पहले उनके गांव की प्रधान के पति पुलिस के साथ पीड़ित परिवार को मनाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को गांव में चलने के लिए कहा। ग्राम प्रधान के पति ने आश्वासन दिया कि गांव में किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। पुलिस द्वारा पूर्ण सुरक्षा की जाएगी। इसके लिए ग्रामीण भी उनका साथ देंगे, लेकिन परिवार ने गांव जाने से साफ इंकार कर दिया।
अब कभी गांव में नहीं जाएंगे
सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित छात्रा का पूरा परिवार घटना के बाद से काफी आहत है। पीड़ित के भाई ने बताया कि अब पूरा परिवार खेकड़ा थाना क्षेत्र में रहकर मजदूरी करेगा। अब वे कभी गांव में नहीं जाएंगे। कुछ दिन बाद घर से सामान भी भरकर ले आएंगे। उनकी इज्जत चली गई है। गांव में किस-किस को जवाब देते रहेंगे। गांव में आरोपी पक्ष के लोगों से भी जान का खतरा बना रहेगा।
आरोपियों से नहीं करूंगी समझौता
पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह दोनों आरोपियों को सजा दिलाकर रहेगी। किसी भी हालत में आरोपियों से समझौता नहीं किया जाएगा। इतना कहकर पीड़ित रोने लगी और पुलिस के साथ न्यायालय में बयान देने के लिए चली गई।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/