बागपत: साध्वी के मोबाइल पर आई ऐसी कॉल, अन्न-जल सब त्यागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में बागपत शहर के एक स्थानक में चातुर्मास कर रही एक जैन साध्वी के मोबाइल पर कॉल कर अशालीन भाषा का प्रयोग किया गया। बार-बार कॉल किए जाने से परेशान साध्वी ने अन्न और जल त्याग दिया है। जैन समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
बड़ौत की एक कॉलोनी में जैन साध्वी चातुर्मास कर रही है। शनिवार को सुबह के समय उनके मोबाइल पर कॉल कर किसी व्यक्ति ने अशालीन भाषा का प्रयोग किया। साध्वी ने कॉल करने वाले व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया और भविष्य में किसी के साथ भी इस तरह की भाषा का प्रयोग न करने की बात कही, लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने कई बार कॉल की।
जैन समाज के लोगों के मुताबिक इससे परेशान होकर साध्वी ने अन्न और जल त्याग दिया। इसके बाद जैन समाज के लोग एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। जिस नंबर से साध्वी को कॉल की गई, उसे पुलिस को दे दिया। पुलिस ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है। कोतवाल बीएस सिरोही ने बताया कि यह मामला गंभीर है, इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस से शिकायत करने पहुंचे सुरेंद्र कुमार जैन, देवेंद्र कुमार, अंकुर जैन, अभिषेक जैन, मुदित जैन और संजय जैन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जानकारी जुटाकर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
सहयोगी के पास रहता है मोबाइल
साध्वी के सहयोगी विकास के पास मोबाइल रहता है। कॉल करने वाले साध्वी से बात कराने की बात कही तो बात करा दी गई, इसके बाद बार-बार कॉल कर अशालीन भाषा का प्रयोग किया गया। पुलिस से शिकायत की गई है।
समाज के लोगों की विनती पर निर्णय वापस लिया
समाज के लोगों ने शनिवार को देर शाम साध्वी से अन्न त्याग करने की घोषणा वापस करने की विनती की। उन्होंने कहा कुछ सिरफिरे लोग फोन कर देते हैं। इस संबंध में पुलिस को शिकायत की गई है। इसके बाद उन्होंने अन्न जल त्यागने का निर्णय वापस ले लिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/