थाने से गांजे की तस्करी: महिला के मोबाइल से खुलेंगे कई बड़े राज, पुलिसकर्मी से बातचीत का ऑडियो हुआ था वायरल
उत्तर प्रदेश के बागपत में तस्करों से पकड़े गए गांजा व अन्य मादक पदार्थों को मुकदमा दर्ज करने के बाद मालखाने में रखा जाता है। चोरी-छिपे इन्हें दोबारा बेचने का खेल चल रहा है। हाल ही में वायरल ऑडियो से इसका खुलासा हुआ है। इस मामले में सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने जांच के लिए महिला तस्कर का मोबाइल कब्जे में लिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के थानों से तस्करों को गांजा बेचने का खेल जारी है। बागपत जनपद के सिंघावली अहीर थाने के पुलिस कर्मी व महिला तस्कर के बीच गांजा बेचने को लेकर बातचीत होने के बाद अधिकारी पूरी तरह से हरकत में आ गए हैं। जहां पुलिसकर्मी को सस्पेंड करके जांच शुरू कराई गई है, वहीं महिला तस्कर का मोबाइल भी पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है। महिला तस्कर के उस मोबाइल से गांजा तस्करों से जुड़े राज खुल सकते है।
थाने से गांजा बेचने के लिए सिंघावली अहीर के पुलिस कर्मी व डौला की महिला तस्कर के बीच मोबाइल पर बातचीत की रिकार्डिंग वायरल हो गई थी। इस पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस कर्मी सत्यबीर को सस्पेंड करके जांच शुरू कराई थी। इस मामले में जांच के लिए पुलिस ने महिला तस्कर का मोबाइल कब्जे में लिया है, ताकि उसे जांच में शामिल किया जा सके।
आरोप है कि महिला तस्कर ने डौला चौकी पर पहुंचकर चेतावनी दी कि अगर मोबाइल उसे वापस नहीं दिया गया तो वह बागपत में अधिकारियों के पास पहुंचकर सभी पुलिस कर्मियों की पोल खोल देगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला तस्कर के मोबाइल में जिले के कई गांजा तस्करों के नंबर व रिकार्डिंग है। इसी तरह डौला चौकी के कई पुलिस कर्मियों के नंबर व रिकार्डिंग भी उस मोबाइल में होने की बात कही जा रही है। हालांकि यह पुलिस की जांच में साफ होगा कि उन रिकार्डिंग में किस तरह की बात हो रही है। एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार इस मामले में पुलिस कर्मी को सस्पेंड किया जा चुका है और इसकी जांच चल रही है। यह भी पढ़ें: सुरक्षित होगा सफर: मेरठ में महिलाओं के लिए जल्द दौड़ेंगे पिंक ऑटो, चालक भी होंगी महिलाएं, मंडलायुक्त ने 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
ऐसे हुई गांजा बेचने की बात
डौला गांव की एक महिला तस्कर व पुलिसकर्मी में बातचीत का ऑडियो सामने आया है। पुलिसकर्मी इस ऑडियो में कहता है कि इस समय सख्ती चल रही है और तेरा नाम भी लिया जा रहा है कि तू गांजा बेचती है। यदि ऐसा है तो बता कहां बेचेगी। डौला में किसी को मत बेचना, तू बागपत में बेचना। कभी तू मुझे भी फंसवा दे।
महिला कहती है कि सात के रेट में मिलेगा और दो की जगह तीन किलो मिलेगा, क्योंकि मुझे भी रुपये की जरूरत है। इसके बाद सप्लाई की बात तय होती है तो पुलिसकर्मी कहता है कि इंस्पेक्टर साहब बागपत गए हैं, कभी वह रास्ते में मिल जाएं। इसलिए शाम को जब वह निकलेंगे तो मौका देखकर फोन कर दूंगा और तू आकर ले जाना।
जिस पुलिसकर्मी की वह ऑडियो है, उसे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से संबंध रखने के कारण सस्पेंड कर दिया गया है। थाने से अभी तक गांजा बेचा नहीं गया था। मालखाने में रखे गांजे को तुलवा लिया है। वह पूरा मिला है। -दीक्षित कुमार त्यागी, थाना प्रभारी सिंघावली अहीर
एक पुलिसकर्मी के आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से संबंध की जानकारी मिली थी। उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। थानों से गांजा बेचने की बातचीत हो रही है तो यह गंभीर है। -मनीष कुमार मिश्र, एएसपी